गंगा दर्शन स्कूल ने किया नशा मुक्त भारत क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन, ब्लैक पैंथर्स इलेवन की टीम ने मारी बाज़ी

सेलाकुई (बिलाल अंसारी) :
गंगा दर्शन स्कूल द्वारा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से दूर रखने और स्वस्थ व सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से अक्षांश फाउंडेशन उत्तराखंड के तत्वाधान में ‘नशा मुक्त भारत क्रिकेट टूर्नामेंट’ का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य खेल के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, टीम वर्क, फिटनेस और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देना था।
प्रतियोगिता का आयोजन डीआईएमएस क्रिकेट ग्राउंड शंकरपुर में किया गया। जिसमें ब्लैक पैंथर्स इलेवन की टीम ने टाइगर्स इलेवन टीम को 99 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया। आर्यन को प्लेयर ऑफ़ द मैच व प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट चुना गया। साथ ही सिद्धार्थ को बेस्ट स्ट्राइकर ऑफ़ द मैच, मजहर को बेस्ट बॉलर ऑफ़ द मैच व सौरव को बेस्ट इकोनामिकल बॉलर चुना गया।
इस मौके पर अक्षांश फाउंडेशन उत्तराखंड के निदेशक रियासत खान रियाज, अंशु शाह व अन्य सभी खिलाड़ी उपस्थित रहे। इस मौके पर रियासत खान ने कहा कि नशे से दूर रखने के लिए युवाओं को खेल की तरफ मोड़ना होगा तभी नशा मुक्त भारत का सपना साकार हो सकता है।

स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने भी स्कूल की इस पहल की सराहना की। उनका कहना था कि युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने से वे नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रहते हैं और अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाते हैं। टूर्नामेंट के दौरान दर्शकों ने खिलाड़ियों को भरपूर उत्साहवर्धन दिया और पूरे कार्यक्रम में खेल भावना का माहौल देखने को मिला।
गंगा दर्शन स्कूल की ओर से सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और सहयोगियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने यह भी कहा कि समाज में नशा मुक्त वातावरण बनाने के लिए सभी को मिलकर जागरूकता बढ़ानी होगी और युवाओं को अधिक से अधिक खेलों से जोड़ना होगा।