उत्तरकाशी (बिलाल अंसारी) :
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में एक बड़ा हादसा सामने आया है। गंगोत्री धाम की ओर जा रहा ऐरोट्रांस प्राइवेट कंपनी का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलिकॉप्टर ने आज सुबह सहस्त्रधारा हेलीपैड से हर्षिल के लिए उड़ान भरी थी। यह हादसा गंगनानी से आगे नाग मंदिर के नीचे, भागीरथी नदी के पास होने की सूचना है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर में पायलेट सहित सात यात्री सवार थे, जो गंगोत्री धाम की यात्रा पर थे। आज सुबह करीब पौने नौ बजे गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास हेलिकॉप्टर क्रैश होने की सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ, फायर, मेडिकल व अन्य आपदा राहत दल मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत एजेंसियां हरकत में आ गई हैं। मौके के लिए पुलिस, सेना की विशेष टुकड़ी, आपदा प्रबंधन की QRT टीम, NDRF, SDRF, 108 एंबुलेंस सेवा, तहसीलदार भटवाड़ी, BDO भटवाड़ी और राजस्व विभाग की टीमें रवाना कर दी गई हैं। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मौके पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है। हेलिकॉप्टर में पायलट सहित सात लोग सवार थे, जिनमें से पांच यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दो यात्री घायल बताये जा रहे हैं। दुर्घटनाग्रस्त हेलिकॉप्टर में सवार चार यात्री मुंबई और दो आंध्रप्रदेश के बताए जा रहे हैं।

उत्तराखंड में इन दिनों चारधाम यात्रा चल रही है। केदारनाथ, बदरीनाथ और गंगोत्री-यमुनोत्री जाने के लिए बड़ी संख्या में यात्री पहुंच रहे हैं। कुछ पैदल यात्रा पर निकले हैं तो कई लोग सड़क मार्ग व हेली सेवा से पहुंच रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तरकाशी के गंगनानी के समीप हेलीकॉप्टर क्रैश में कुछ लोगों के हताहत होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। राहत एवं बचाव कार्य के लिए SDRF और जिला प्रशासन की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। ईश्वर हादसे में दिवंगत हुए लोगों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दे एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रशासन को घायलों को हर संभव सहायता पहुंचाने एवं हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री धामी ने यह भी कहा कि वे इस संबंध में लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं और हर स्थिति पर निगरानी रख रहे हैं।
घायल:- 1-मख्तूर भास्कर निवासी आन्ध्र प्रदेश (51 वर्ष)मृतक:-1-विजयालक्ष्मी रेड्डी चिर्रा पत्नी चिर्रा सुब्बा रेड्डी मुम्बई महाराष्ट्र (57 वर्ष)2-रोविन सिंह पुत्र राम करण सिंह निवासी फतेहगंज गुजरात (पायलट) (60 वर्ष)3-राधा पत्नी रामचन्द्र अग्रवाल निवासी आलमगिरी गंज, बरेली उत्तरप्रदेश (79 वर्ष)4-एम0 वेदावथी पत्नी एम0 भाष्कर निवासी अनन्तपुर, आन्ध्रप्रदेश (48 वर्ष)5-कला चन्द्रकान्त सोनी पुत्री चन्द्रकान्त सोनी निवासी मुम्बई, महाराष्ट्र (61 वर्ष)6-रुची अग्रवाल मुम्बई, महाराष्ट्र (56 वर्ष)