सहसपुर (बिलाल अंसारी) –
आज कोतवाली सहसपुर पुलिस ने नशा तस्करों पर एक और कड़ा प्रहार करते हुए हिमाचल प्रदेश के निवासी दो नशा तस्करो को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। अभियुक्तों के कब्ज़े से 03 लाख रुपए से अधिक मूल्य की 01 किलो 605 ग्राम अवैध चरस बरामद की गयी है। अभियुक्त अवैध चरस को हिमाचल प्रदेश से तस्करी कर देहरादून ला रहे थे। अभियुक्त इंडस्ट्रियल एरिया में काम करने वाले मजदूरों व नशे के आदि व्यक्तियों को चरस बेचकर मुनाफा कमाने की कोशिश में थे। तस्करी में प्रयुक्त अल्टो कार को भी पुलिस ने सीज़ कर दिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तराखंड के ड्रग्स फ्री देवभूमि 2025 के विजन को साकार करने के लिए कड़े क़दम उठा रहे हैं। इसी कड़ी में एसएसपी देहरादून अजय सिंह द्वारा सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही किए जाने हेतु निर्देश दिए गए है।

उक्त निर्देशों के क्रम में थाना सहसपुर पर गठित टीम द्वारा शुक्रवार 04- सितम्बर को चेकिंग के दौरान धर्मावाला चौक से कुल्हाल की तरफ जाने वाले रास्ते के पास से एक अल्टो कार HP 08 AA 0250 में सवार दो अभियुक्तों चतर सिह पुत्र रतिराम तथा मंजीत राणा पुत्र मोती सिंह को 01 किलो 605 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों द्वारा बताया गया कि वे दोनों हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं तथा उक्त चरस उन्होंने अपने ही गांव के राजेन्द्र नाम के व्यक्ति से सस्ते दामों में खरीदकर लाये थे, जिसे वह देहरादून में नशेड़ियों को महंगे दामों में बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में थे। अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर प्रकाश में आये अभियुक्त राजेन्द्र सिह की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे है।
नाम पता गिरफ्तार अभियुक्त चतर सिह पुत्र रतिराम निवासी ग्राम मझगांव पी०ओ०- धारचांदना थाना व तहसील कुपवी, जिला शिमला, हिमाचल प्रदेश, (उम्र- 35 वर्ष) और मंजीत राणा पुत्र मोती सिंह निवासी ग्राम धार पो०ओ०- धारचांदना थाना व तहसील कुपवी, जिला शिमला, हिमाचल प्रदेश, (उम्र 22 वर्ष) हैं।
वांछित अभियुक्त राजेन्द्र सिह पुत्र अज्ञात निवासी ग्राम धार पो०ओ०- धारचांदना थाना व तहसील कुपवी, जिला शिमला, हिमाचल प्रदेश है।
