एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने विकासनगर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में तीन नशा तस्करो को दबोचा, तीन लाख रूपये की चरस बरामद

विकासनगर (बिलाल अंसारी) :-
पछवादून क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है। पुलिस व प्रशासन की सख्त कार्रवाई के बावजूद नशे का जाल युवाओं तक पहुंच रहा है। हाल ही में पुलिस ने कई स्थानों पर छापेमारी कर लाखो रूपये की अवैध चरस के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, लेकिन अब भी कई तस्कर सक्रिय बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे के कारण क्षेत्र के युवा अपराध और हिंसा की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से नशे के सौदागरों के खिलाफ सख्त कदम उठाने और स्कूल-कॉलेजों के आसपास नियमित निगरानी की मांग की है।

उत्तराखण्ड एसटीएफ की एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा थाना विकासनगर देहरादून पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में आज सुबह थाना विकासनगर देहरादून क्षेत्र से 3 अभियुक्तों- दिनेश पुत्र भोपालू नि0 ग्राम जिसऊ घराना तहसील कालसी जनपद देहरादून (उम्र 26 वर्ष), कुन्दन चौहान पुत्र अमर सिंह नि0 ग्राम सूर्यो तहसील कालसी जनपद देहरादून और पंकज पुत्र सरदार सिंह नि0 ग्राम सूर्यो तहसील कालसी जनपद देहरादून (उम्र 25 वर्ष) को 1.505 किग्रा0 चरस परिवहन करते हुए मय वाहन के गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों से पूछताछ करने पर बताया गया कि वह यह चरस पहाड़ी क्षेत्र से सस्ते दामों में लाकर विकासनगर क्षेत्र में ऊंचे दामों में बेचकर अधिक मुनाफा कमाते हैं |
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में नशा तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में और भी सघन चेकिंग व छापेमारी अभियान चलाए जाएंगे ताकि क्षेत्र को नशामुक्त बनाया जा सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ “श्री नवनीत सिंह भुल्लर” द्वारा आज पुनः अपने निम्न ऑफिस नंबर जारी करते हुए जनता से अपील की है कि नशे से दूर रहे। किसी भी प्रकार के लालच में न आकर नशा तस्करी न करें। नशा तस्करी करने वालों के खिलाफ कार्यवाही हेतु तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन या एस. टी. एफ/ANTF उत्तराखंड से संपर्क करें। एसटीएफ लगातार ड्रग्स-फ्री देवभूमि अभियान के तहत अपनी कार्यवाही जारी रखे रहेगी।
एसटीएफ से संपर्क हेतु 0135-2656202, 9412029536