spot_img
spot_img
spot_img

उदयपुर में चोरों ने कार चोरी का निकाला नया फार्मूला, सर्विस पर आई कारों में जीपीएस लगाकर करते थे ट्रैक

उदयपुर : राजस्थान में लेकसिटी उदयपुर की सुखेर थाना पुलिस ने एक बेहद शातिर कार चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह कार चोर गिरोह सर्विस के लिए आई कार की सभी जानकारियां आधुनिक तकनीक से हासिल कर लेता है और उसकी डुप्लीकेट चाबी बना लेता है। उसके बाद कार में जीपीएस लगा देता है। फिर कार को ट्रैक करके मौका पाते ही उसे पार कर लेता है। अगर आप भी कार रखते हैं तो यह खबर आपके लिए काफी अहम है।
उदयपुर सिटी एएसपी उमेश कुमार औझा ने बताया कि यह गैंग शहर के एक मॉल में कार वॉशिंग सर्विस सेंटर लगाकर काम कर रहा था। ये शातिर चोर हाई टेक्नोलॉजी का उपयोग कार वॉशिंग के लिए आई गाड़ी की डिजिटल जानकारियां चोरी कर लेते हैं और उससे कार की डिजिटल स्मार्ट चाबी तैयार करते थे। कार मलिक को पुनः कार सौंपने से पहले उसमें जीपीएस सिस्टम भी लगा देते थे। इससे वे कार की लोकेशन को ट्रैक करते और बाद में अपने पास बनी चोरी की डिजिटल चाबी से उसे चुरा कर फरार हो जाते थे। औझा ने बताया कि पुलिस को हाल ही में ऐसी ही एक कार चोरी की एक घटना की जानकारी मिली तो पुलिस ने उसकी जांच शुरू की। उस जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक कार भी बरामद की गई है। कार चोर युवक 31 गाड़ियों की चोरी की योजना बना चुके थे।
इसका खुलासा पुलिस द्वारा चोरों के जब्त किए गए लैपटॉप से हुआ है। चोरों के लैपटॉप में 31 गाड़ियों की डिजिटल जानकारियां मिली हैं। उसमें ये लोग जीपीएस लगा चुके थे और उनको चुराने की तैयारी में थे। लेकिन इससे पहले ही पुलिस की गिरफ्त में आ गए। पुलिस ने इस मामले में जालोर जिले के रहने वाले लतीफ और विक्रम को गिरफ्तार किया है। उनसे और पूछताछ की जा रही है।
शातिराना तरीके से कार चोरी करने वाले युवक टेक्नोलॉजी के माहिर खिलाड़ी हैं। इसीलिए उन्होंने एक ऐसा टूल किट मंगवाया जिससे किसी भी गाड़ी की डुप्लीकेट डिजिटल चाबी तैयार की जा सके। पुलिस ने आरोपियों के पास से डुप्लीकेट डिजिटल चाबी बनाने की लेटेस्ट टेक्नोलॉजी का सामान बरामद किया है। इसके साथ ही उनके पास से कई जीपीएस सिस्टम भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस की टीम ने बेहतरीन काम करते हुए एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो बेहद शातिराना तरीके से वाहन चोरी की घटना को अंजाम देता था। ऐसे में अब आम लोगों को भी सजग रहने की जरूरत है। क्योंकि कार को सर्विस सेंटर पर देना आम बात है। ऐसे में यदि व्यक्ति सजग नहीं होगा तो आपकी कार भी कुछ इसी तरह से चोरी होने की संभावना है। लिहाजा सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।

spot_img
spot_img