देहरादून (बिलाल अंसारी) :
बीती 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को देखते हुए देशभर में पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। उत्तराखंड में भी पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ लोगों में गुस्सा देखा जा रहा है। ऐसे में कुछ लोग शहर का माहौल खराब करने के लिए कश्मीर छात्रों को टारगेट कर सकते है। इसीलिए एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने कश्मीर छात्रों की सुरक्षा बढ़ाने को कहा है। साथ ही चेतावनी भी दी है कि यदि किसी ने भी कश्मीरी छात्रों को परेशान किया तो उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।
देहरादून के कई शिक्षण संस्थानों में कश्मीरी छात्र पढ़ते है। कई बार देखा जाता है कि इस तरह की घटनाओं को लेकर कई छात्र सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट कर देते है, जिससे हंगामा खड़ा हो जाता है। वहीं कुछ संगठन पहलगाम जैसे आतंकी हमले के बाद कश्मीरी छात्रों को परेशान भी करते है। इन्ही तमाम बातों को ध्यान में रखते हुए देहरादून पुलिस अलर्ट हो गई है और कश्मीरी छात्रों की सुरक्षा बढ़ाई गई है।
आतंकी हमले का दोष पूरे समुदाय, विशेष रूप से कश्मीरी छात्रों पर डालना, तर्कसंगत नहीं है। ये छात्र न तो हमले में शामिल थे और न ही उनकी कोई प्रत्यक्ष जिम्मेदारी है। व्यक्तिगत अपराध के लिए सामूहिक दंड नैतिक और कानूनी रूप से गलत है। आतंकवाद का जवाब संगठित और कानूनी तरीके से देना चाहिए, न कि निर्दोष लोगों को निशाना बनाकर। सरकार और समाज को मिलकर ऐसी घटनाओं को रोकने और सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए काम करना चाहिए। कश्मीरी छात्र पहले से ही अक्सर भेदभाव और संदेह का सामना करते हैं। उन्हें परेशान करना उनकी शिक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव डालता है।
