सहसपुर (डॉ. बिलाल अंसारी)-
युवाओं को नशे से दूर रखकर खेल और शिक्षा की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से अक्षांश फाउंडेशन उत्तराखंड की ओर से शंकरपुर स्थित मिनी स्टेडियम में प्रथम अंडर-17 उत्तराखंड कबड्डी कप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में देहरादून जिले की विभिन्न टीमों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने मैदान में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया।

कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व राज्य मंत्री गुलजार अहमद और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव राकेश सिंह नेगी ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, मेहनत और टीम भावना सिखाते हैं। इस तरह की प्रतियोगिताओं से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। साथ ही वे खेलों के माध्यम से अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। सभी टीमों ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया। प्रतियोगिता के अंत में केवी आईआईपी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। आरके अकैडमी सहसपुर की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि रैंबो अकैडमी विकासनगर की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। आयोजकों की ओर से प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। पुरस्कार मिलने पर खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला।

अक्षांश फाउंडेशन के अध्यक्ष रियासत खान रियाज ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखना और उन्हें खेल तथा शिक्षा के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि युवाओं में खेल प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें सही मंच और बेहतर अवसर देने की है। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन की ओर से इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं उत्तराखंड के अन्य क्षेत्रों में भी आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं के माध्यम से चयनित टीमों को राज्य स्तर पर खेलने का अवसर दिया जाएगा, जिससे खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ा सकें। रियासत खान रियाज ने कहा कि खेलों से युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ते हैं। ऐसे आयोजन बच्चों और किशोरों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान अक्षांश फाउंडेशन के पदाधिकारी फिरोज खान, मोहम्मद शाकिर, अमरजीत चौहान, आलिया मलिक और इशरत सहित खेल प्रशिक्षक मनोज, अनुज, सत्यांशु, सुमित और रमेश आदि मौजूद रहे। आयोजकों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया। अक्षांश फाउंडेशन की इस पहल को क्षेत्र में खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




