उत्तराखंड सरकार के तीन साल पूरे होने पर सहसपुर व कालसी ब्लॉक में हुआ बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन

विकासनगर (बिलाल अंसारी) : प्रदेश सरकार के तीन साल पूरा होने पर आज सहसपुर व कालसी ब्लॉक में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किये गये। इन शिविरों में जनता की समस्याओं का समाधान करने के साथ ही 557 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। सहसपुर शिविर में आई सभी शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। श्री गुरु राम राय इंटर कॉलेज सहसपुर के प्रांगण में आयोजित शिविर का उद्घाटन स्थानीय विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने किया। इस अवसर पर विधायक सहदेव पुंडीर ने कहा कि भाजपा सरकार के 3 साल का कार्यकाल ऐतिहासिक रहा है। जनता को इससे काफी लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि समान नागरिक संहिता को लेकर कुछ लोग आम जनता को भ्रमित कर रहे है। शिविर के दौरान राजस्व विभाग की 36 शिकायतें दर्ज की गई जिनमे से सभी का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की सभी 26 शिकायतें निस्तारित कर दी गई। शिविर में 12 दिव्यांग जनों के प्रमाण पत्र भी बनाए गए एवं 167 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।

दूसरी ओर कालसी के बहुउद्देशीय शिविर में राज्य सरकार में दायित्वधारी ज्योति प्रसाद गैरोला ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश सरकार पर भेदभाव करने का आरोप लगाती है लेकिन प्रदेश सरकार ने चकराता विधानसभा में कई विकास परियोजनाएं पूरी की है। जबकि कई योजनाएं गतिमान है। उन्होंने बताया कि हनोल मास्टर प्लान के पूरा होने पर जौनसार बावर परगने में विकास को नई गति मिलेगी। जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार में नई सड़कों का निर्माण सुधारीकरण का कार्य शुरू हुआ था। नागथात पेयजल योजना कोटा कवाणु में हिमाचल प्रदेश को जोड़ने वाले पल का निर्माण किया गया है। जिला योजना से भी इस क्षेत्र में कई विकास कार्य कराए गए। शिविर के दौरान वृद्धावस्था पेंशन के 21 नए आवेदन स्वीकृत किए गए। 25 आवेदन विधवा पेंशन के स्वीकृत किए गए। 98 किसानों को कृषि उपकरण वितरित किए गए। पांच दिव्यांग जनों को प्रमाण पत्र बनाए गए। इसके साथ ही 388 लोगों के स्वास्थ्य की का परीक्षण किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख मठोर सिंह, रवि कश्यप, सुखदेव फर्स्वाण, अनिल नौटियाल व रितेश असवाल आदि मौजूद रहे।