स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सीएम धामी ने परेड ग्राउंड में फहराया तिरंगा, उत्तराखंड के विकास के लिए की सात बड़ी घोषणाएं

देहरादून (बिलाल अंसारी)-
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय मुख्य समारोह का भव्य आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समारोह में ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया और समारोह स्थल पर लगाई गई फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इस दौरान पुलिस विभाग के 14 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ‘मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक’ से सम्मानित किया गया। इनमें 7 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सेवा के आधार पर तथा 6 को विशिष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। वहीं राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले 13 खिलाड़ियों को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री धामी ने स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों, वीर बलिदानियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया। उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर सैनिकों, अर्धसैनिक बलों और पुलिस के जवानों के प्रति भी कृतज्ञता व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि वीरभूमि भी है। राज्य सरकार वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। देहरादून में सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बलिदानियों के आश्रितों को मिलने वाली अनुग्रह राशि को 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये किया गया है। वहीं परमवीर चक्र विजेताओं के परिवारों को मिलने वाली अनुग्रह राशि 50 लाख से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपये की गई है। इसके साथ ही प्रत्येक बलिदानी परिवार के एक सदस्य को सरकारी सेवा में समायोजित करने तथा सेवारत एवं पूर्व सैनिकों को 25 लाख रुपये तक की संपत्ति खरीद पर स्टाम्प शुल्क में 25 प्रतिशत की छूट देने की व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री ने “मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना” का भी उल्लेख किया। इसके तहत सरकारी विद्यालयों में कक्षा 11वीं और 12वीं में पढ़ने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। योजना के प्रथम चरण में 10 हजार विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा और इसके लिए 7 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन से उत्तराखंड ने खेलों के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। स्पोर्ट्स लीगेसी प्लान के तहत प्रदेश के 8 शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी। इसके अलावा महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के साथ खेल विश्वविद्यालय के निर्माण पर भी कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश के विकास और जनकल्याण से जुड़ी सात महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित करने की घोषणा प्रमुख है। इसके साथ ही प्रदेश में प्रथम “युवा आयोग” की स्थापना की जाएगी। सीमावर्ती गांवों के युवाओं, भूतपूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापित करने के लिए अतिरिक्त सहायता और प्रोत्साहन दिया जाएगा। वर्ग-3 एवं वर्ग-4 की भूमि के विनियमितीकरण की समय-सीमा का विस्तार करते हुए भूमिधरी अधिकार दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत राज्यांश को 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये किया जाएगा। “मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजना” के तहत 18 से 30 वर्ष की आयु के युवाओं के लिए योजनाएं शुरू की जाएंगी। आईआईटी एवं आईआईएम जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के सहयोग से निःशुल्क उद्यमिता एवं कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं उद्यम स्थापित करने के लिए बैंक ऋण की 30 प्रतिशत राशि सरकार द्वारा अनुदान के रूप में दी जाएगी।

राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, शासन के सचिवगण, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।