वाहन चोरी की घटनाओं का पुलिस ने किया खुलासा ,अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चार शातिर चोर दबोचे

अभियुक्तों के कब्जे से चोरी के कुल 22 दुपहिया वाहन बरामद

विकासनगर / सेलाकुई (बिलाल अंसारी) :- पछवादून में लगातार हो रही दुपहिया वाहनों की चोरी का आज विकासनगर व सेलाकुई पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जिसमे चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर 22 दोपहिया वाहन बरामद कर लिए गए हैं।
पहला मामला विकासनगर से है जिसमे गोपाल सिंह तोमर निवासी विकासनगर ने थाना विकासनगर जिला देहरादून, नूर मौहम्मद निवासी ढकरानी कोतवाली विकासनगर देहरादून, गुरुदीप निवासी सिरमौर हि0प्र0 हाल निवासी विकासनगर देहरादून ने कोतवाली विकासनगर आकर शिकायत दर्ज करायी कि अज्ञात चोरों द्वारा रात्रि के समय हमारे घर के बाहर खडी मोटरसाइकिल चोरी कर ली हैं । काफी खोजबीन करने पर भी वाहनों के सम्बन्ध में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। उपरोक्त के प्रार्थना पत्रों के आधार पर थाना विकानगर में बनाम अज्ञात में अलग-अलग अभियोग पंजीकृत किये गये। घटना के खुलासे तथा अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु एसएसपी देहरादून अजय सिंह , पुलिस अधीक्षक ग्रामीण 2 एवं क्षेत्राधिकारी विकासनगर द्वारा अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु आवश्यक निर्देश दिये गये। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली विकासनगर द्वारा गठित पुलिस टीम द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण कर आस-पास तथा आने जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटेजों का बारीकी से अवलोकन करते हुए संदिग्ध के सम्बन्ध में जानकारियां एकत्रित की। साथ ही पूर्व में इस प्रकार की घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्तों की वर्तमान स्थिति का भौतिक सत्यापन किया गया।

पुलिस टीम द्वारा किये जा रहे लगातार प्रयासों के परिणाम स्वरूस्प चैकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर ढालीपुर पुल से पहले आम के बगीचे के सामने कच्चे रास्ते के पर दो अभियुक्तों गंगेश्वर उर्फ़ रिशु (उम्र 27 वर्ष) पुत्र सुरेश कुमार निवासी फतेहपुर माजरा थाना माजरा जिला सिरमौर हिमाचल प्रदेश और सुरजीत उर्फ़ पोम्पी (उम्र 28 वर्ष) पुत्र ज्ञानचंद निवासी गाँव मेलियो माजरा जिला सिरमौर हिमाचल प्रदेश को बिना नम्बर की मोटरसाईकिल के साथ संदिग्धता के आधार पर रोककर चैकिंग करते हुये वाहन के वाहन के सम्बन्ध में दस्तावेज तलब किये गये किन्तु कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा पाये। तत्पश्चात वाहन के चैसिस व इंजन नम्बर को ई-चालान मशीन के माध्यम से चैक किया गया तो वाहन पंजीकरण संख्या UK16F-7808 मोटरसाईकिल का होना पाया गया जो कि थाना हाजा पर पंजीकृत मुअ0सं0 – 72/2025 से सम्बन्धित था जिसको कब्जे लेकर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया एवं अभियुक्तों से पुनः सख्ती से पूछताछ की गई। सख्ती से पूछताछ करने पर अभियुक्तों की निशानदेही पर कुल्हाल यमुना नदी के किनारे जंगलों से विभिन्न थाना क्षेत्रों /जनपदों से चोरी कर छिपाये गये 10 अन्य दुपहिया वाहन बरामद हुए। अभियुक्तों से बरामद सभी 11 दुपहिया वाहनों में से 03 वाहन कोतवाली विकासनगर में पंजीकृत अभियोगों से सम्बन्धित होना पाया गया तथा शेष अन्य थाना सहसपुर , हि0प्र0 व अन्य राज्यों तथा जनपदों से चोरी करना बताया गया। पूछताछ के दौरान अभियुक्तो ने बताया कि वे दोनों नशे के आदी हैं तथा अपने नशे की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उनके द्वारा विभिन्न चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया। मो0सा0 चोरी करने के पश्चात अभियुक्तों द्वारा कुल्हाल चैक पोस्ट से पहले जंगलों में खडी कर देते थे । उसके पश्चात यदि ग्राहक मिल जाते थे तो उन्हे सस्ते दामों में बेच देते थे। ग्राहक न मिलने पर बाइकों को काटकर उनके पुर्ज़ो को सस्ते दामों पर चलते –फिरते कबाडियों को बेच देते थे। उससे जो पैसा मिलता था उससे नशे की पूर्ति करते थे। जानकारी करने पर यह ज्ञात हुआ है कि पूर्व में भी अभियुक्त गंगेश्वर उर्फ़ रिशु पुत्र सुरेश कुमार निवासी फतेहपुर माजरा थाना माजरा जिला सिरमौर हिमाचल प्रदेश थाना पुरुवाला जिला सिरमौर हि0प्र0 से वाहन चोरी की घटना में जेल जा चुका है । जिसके सम्बन्ध में जानकारी की जा रही है।

दूसरा मामला सेलाकुई थाना क्षेत्र से है जिसमे मनीष कुमार पुत्र स्वराज सिंह निवासी माजरा जिला सहारनपुर हाल सेलाकुई द्वारा डिक्शन कंपनी के पास से अपनी मोटरसाइकिल UK16C-1089 चोरी हो जाने के सम्बंध में प्रार्थना पत्र दिया गया, उक्त तहरीर के आधार पर तत्काल थाना सेलाकुई पर मु0अ0सं0- 21/2025 धारा 303(2) बी0एन0एस0 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओ की गम्भीरता के दृष्टिगत पुलिस द्वारा किये जा रहे लगातार प्रयासों से वाहन चोरियों की घटनाओ के अजांम देने वाले दो अभियुक्तो घनश्याम तथा दिवित को सेलाकुई पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर सेलाकुई क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से देहरादून में अलग अलग स्थानों से चुराये गये चोरी के 11 दो पहिया वाहन बरामद किए गए, बरामद वाहनों के संबंध में जानकारी करने पर उक्त वाहनों के चोरी होने के संबंध में थाना सेलाकुई, राजपुर, सहसपुर तथा डोईवाला में अभियोग पंजीकृत होना प्रकाश में आया है, शेष वाहनों के संबंध में जनपद के अन्य थानों से जानकारी की जा रही है।

पूछताछ में अभियुक्त घनश्याम द्वारा बताया गया कि वह हलवाई का काम करता है परंतु वर्तमान में काम न होने के कारण उसकी आर्थिक स्थिति खराब चल रही थी। इस दौरान उसकी मुलाकात दिवित से हुई, जो काम की तलाश में देहरादून आया था। परंतु काम न मिलने के कारण उसकी आर्थिक स्थिति भी ख़राब चल रही थी। दिवित द्वारा उसे बताया गया कि सहारनपुर में उसकी पहचान का एक कबाड़ी है, जो चोरी के वाहनों को खरीदने का काम करता है। यदि देहरादून से वाहन चोरी कर वो उसे सहारनपुर ले जाए तो उन्हें उसके अच्छे दाम मिल सकते हैं। उसके पश्चात दोनों अभियुक्तो ने देहरादून में दो पहिया वाहनों को चोरी कर उन्हें सहारनपुर में बेचने की योजना बनाई। योजना के मुताबिक अभियुक्तो द्वारा देहरादून में अलग-अलग स्थानों सेलाकुई, प्रेमनगर, राजपुर, डोईवाला, सहसपुर आदि क्षेत्रो से वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया, चोरी किये गए वाहनो को अभियुक्तो द्वारा सेलाकुई के बायाखाला में सुनसान जगह पर एक खाली प्लॉट में खड़ा किया जाता था, जहाँ से वो उक्त वाहनो को किसी बड़े वाहन से सहारनपुर ले जाने की फिराक में थे। चोरी के वाहनों को ले जाने से पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम घनश्याम (उम्र 36 वर्ष) पुत्र बाबूराम निवासी टॉलीपुरा माली थाना अमरोहा देहात जिला अमरोहा, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी रिस्पना नगर, नेहरू कॉलोनी, और दिवित कुमार (उम्र 18 वर्ष) पुत्र कदम सिंह निवासी ग्राम लखनौती, थाना गंगोह, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी रिस्पना नगर, थाना नेहरू कॉलोनी हैं।