देहरादून (बिलाल अंसारी) :
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा 26 लोगों की नृशंस हत्या के विरोध में जन आक्रोश बढ़ता जा रहा है। आज राजधानी देहरादून व पछवादून के विकासनगर, डाकपत्थर, सहसपुर, सेलाकुई आदि बाज़ार शुक्रवार को विरोध स्वरूप बंद रखे गये। विकासनगर बाज़ार के तमाम व्यापारियों और राजनैतिक दलों ने एक जुट होकर पहाड़ी गली चौक पर आतंकवाद का पुतला दहन किया। सेलाकुई में भी इस आतंकवादी घटना के विरोध में बाजार बंद रखकर रैली निकाली गई। पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारों के बीच आतंकवाद के पुतले को आग के हवाले किया गया। देहरादून में भी इस घटना के विरोध में प्रदर्शन हुए जिसमें लोगों ने सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान विकासनगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि आतंकी हमला अत्यंत दु:खद, निंदनीय और मानवता के विरुद्ध एक कायरता पूर्ण कृत्य है। जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल देहरादून ने यह निर्णय लिया है कि पछवादून व्यापार मंडल एसोसिएशन 25 अप्रैल को बाजार बंद रखेगा।
पूरा देश सरकार से बदला लेने की उम्मीद कर रहा है, निश्चित ही सरकार को एक ठोस कार्यवाई पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ़ अमल में लानी चाहिए।

