spot_img
spot_img
spot_img

उत्तराखंड में बारिश का क़हर , टिहरी घनसाली के तोली गांव में भूस्खलन की चपेट में आने से मां और बेटी की मौत

टिहरी (बिलाल अंसारी) :- उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने एक बार फिर हाहाकार मचा दिया है। घनसाली के बूढाकेदार में हुई भूस्खलन की घटना ने एक परिवार को तबाह कर दिया है। इस हादसे में एक मां और बेटी की जान चली गई। टिहरी में बीते दिन से लगातार भारी बारिश हो रही है। भारी बारिश से बालगंगा नदी रौद्र रूप में बह रही है। वहीं भारी बारिश से तिनगढ़ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भी मलबे की चपेट में आ गया। बूढ़ा केदार- कोट विशन मोटरमार्ग का काफी हिस्सा बाढ़ की चपेट में आ गया है। गंगा सिंह व राजेन्द्र सिंह की 2 गौशाला में 6 मवेशी अन्दर दब गए।
टिहरी जिले में बारिश लोगों पर आफत बनकर टूट रही है। जिले में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं भारी बारिश ने घनसाली के तौली गांव में जमकर कहर बरपाया है। जहां एक घर पर मलबा गिरने से मां और बेटी की मौत हो गई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची प्रशासन की टीम ने दोनों शवों को निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल बूढ़ा केदार से 10 किलोमीटर दूरी पर है जिसमें एक किलोमीटर पैदल मार्ग है।

आपदा कंट्रोल रूम में देर रात घनसाली के ग्राम तौली में करीब 1:30 बजे एक मकान के भूस्खलन की चपेट में आने की सूचना मिली। मकान में महिला सरिता देवी (उम्र 40 वर्ष)और उनकी बेटी अंकिता (उम्र 15 वर्ष) के दबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन और एसडीआरएफ, पीडब्ल्यूडी, नगर पालिका और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर रवाना हुई। मौके पर पहुंची प्रशासन की टीम ने दोनों शवों को निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
वहीं बीते दिन टिहरी जिले के बालगंगा तहसील के विनयखाल क्षेत्र में बारिश ने तबाही मचाई। भारी बारिश के चलते क्षेत्र के तोली, तिनगढ़, जखाना के ग्रामीणों की कई एकड़ कृषि भूमि आपदा की चपेट में आ गई। वहीं विनयखाल जखाना मोटर मार्ग के सड़क मार्ग का कई हिस्सा वॉश आउट होकर नदी में समा गया था। लोगों का जिला और मुख्य बाजारों से संपर्क कट गया था। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है।

spot_img
spot_img