विकासनगर : कोतवाली विकासनगर क्षेत्र के मेंहूवाला खालसा गांव में चोरी के शक में ग्रामीणों ने दो युवकों की डंडों से जमकर पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि मेंहूवाला में गांव के ही दो युवक राहुल और दिनेश एक घर में घुस गए थे। जिन पर चोरी का आरोप लगाते हुए गांव के लोगों ने उन्हें पकड़ लिया। गुस्साएं कुछ लोगों ने एक युवक के हाथ बांध दिए। फिर उसकी डंडों से पिटाई शुरू कर दी। युवकों के माफी मांगने पर ग्रामीणों ने उन्हें छोड़ दिया था। इस मामले को लेकर राहुल पुत्र राजकुमार निवासी मेहुवाला खालसा विकासनगर ने कोतवाली विकासनगर पर एक तहरीर दी जिसमें विपक्षी बलवीर शर्मा पुत्र कृपाराम शर्मा निवासी मेंहुवाला खालसा, बलबीर नेगी व सुरेश शर्मा पुत्र कृपाराम शर्मा निवासी उपरोक्त के द्वारा बंधक बनाकर मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने के संबंध में दी।
दूसरी ओर बलबीर पुत्र कृपाराम निवासी मेहुवाला खालसा, विकासनगर, देहरादून ने कोतवाली विकासनगर में एक तहरीर राहुल पुत्र राजू निवासी मेहुवाला खालसा, विकासनगर के द्वारा खुद के व पड़ोसी बलबीर सिंह तोमर की मेहुवाला स्थित आटा चक्की से दो कट्टे आटा, दो कट्टे चावल, ट्रैक्टर की बैट्री और तेल चोरी करने के प्रयास के संबंध में दाखिल की। प्रार्थना पत्र के आधार पर कोतवाली विकासनगर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच उप निरीक्षक अर्जुन सिंह गुसाई, चौकी प्रभारी डाकपत्थर को सौंपी गई है।
कोतवाली प्रभारी सूर्य भूषण नेगी का कहना है कि मामले की जांच कराकर उचित कार्यवाही की जाएगी।
