फरार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस द्वारा दबिश जारी

सहसपुर (डॉ बिलाल अंसारी)-
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गोकशी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली सहसपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से गौमांस तथा घटना में प्रयुक्त दो चाकू और एक कुल्हाड़ी बरामद की है। मामले में कई अन्य आरोपियों को नामजद करते हुए उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार 30 जुलाई की रात मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम खुशहालपुर क्षेत्र में कुछ लोग गोकशी की घटना को अंजाम दे रहे हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सहसपुर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर अधिकांश आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि सावेज पुत्र दिलबहार (22 वर्ष), निवासी ग्राम खुशहालपुर, थाना सहसपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से गौमांस, दो चाकू तथा एक कुल्हाड़ी बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध उत्तराखंड गौवंश संरक्षण अधिनियम, 2007 की धारा 3/5/11 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने कथित रूप से अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार मामले में मुशर्रफ उर्फ काला, शादाब उर्फ फोती, लालू, शमीम, समीर उर्फ टीटला, आफताब, आशिफ उर्फ नानू, अमीर तथा सलमान उर्फ मुल्ला सहित अन्य लोगों को वांछित किया गया है। सभी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने पूर्व में थाना सेलाकुई एवं सहसपुर क्षेत्र में भी अपने साथियों के साथ गोकशी की घटनाओं में शामिल होने की जानकारी दी है। इन मामलों में संबंधित थानों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी उत्तराखंड गौवंश संरक्षण अधिनियम के तहत दो मुकदमे तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मुकदमा दर्ज है।
