“नशे को ना, जिंदगी को हां” — सेलाकुई स्थित माया देवी यूनिवर्सिटी में पुलिस का जागरूकता अभियान, सभी 47 विद्यार्थियों का ड्रग टेस्ट निगेटिव

सेलाकुई (डॉ बिलाल अंसारी)-
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को थाना सेलाकुई पुलिस ने जिला चिकित्सालय देहरादून के डॉक्टरो के साथ माया देवी यूनिवर्सिटी में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना सेलाकुई पुलिस की टीम ने जिला चिकित्सालय देहरादून के चिकित्सकों के साथ संयुक्त रूप से विश्वविद्यालय परिसर में ड्रग टेस्ट अभियान चलाया।

अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं की सहमति से करीब 47 विद्यार्थियों के ड्रग टेस्ट के लिए नमूने लिए गए। जांच में सभी विद्यार्थियों की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई। इससे पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन ने राहत की सांस ली। ड्रग टेस्ट के साथ ही पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और भविष्य को भी प्रभावित करती है। पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों की जानकारी देते हुए नशे के अवैध कारोबार और सेवन के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियानों के बारे में भी बताया।

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी नशे से बचाने के लिए जागरूक करें। साथ ही किसी भी प्रकार की नशीली वस्तु की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलने पर पुलिस को तत्काल सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं ने भी नशे के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों में उत्साहपूर्वक भाग लेने की बात कही। विद्यार्थियों ने पुलिस द्वारा दी गई जानकारी को उपयोगी बताते हुए नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने में सहयोग करने का भरोसा दिलाया।

सेलाकुई पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे से बचाने और नशे के बढ़ते प्रभाव पर रोक लगाने के लिए इस तरह के जागरूकता एवं जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।