spot_img
spot_img
spot_img

अतिक्रमण कर यातायात प्रभावित करने वाले रेहड़ी व ठेली वालों पर सेलाकुई पुलिस ने की कार्रवाई

सेलाकुई (बिलाल अंसारी) :- देहरादून पौंटा हाईवे पर सेलाकुई में राजावाला रोड से सारना नदी पुल तक रोजाना लोग जाम के झाम से जूझते नजर आते हैं। सेलाकुई के यातायात को दुरुस्त करने के लिए पहले भी रूट डायवर्ट जैसी योजनाएं बनाई गई, लेकिन सभी धराशाही होती चली गई। वाहनों की लंबी कतारों के बीच फंसे लोग समय से अपने गंतव्य को नहीं पहुंच पाते हैं। आमतौर पर स्कूली बच्चो व दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियो का स्कूल व ऑफिस समय से पहुंचना उनके लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। जाम की स्थिति इतनी बदतर हो जाती है कि यदि कोई एंबुलेंस किसी मरीज को लेकर जाती है तो उसको भी घंटो तक रास्ता नहीं मिल पाता। इंडस्ट्रियल एरिया होने के कारण हल्के व भारी वाहनों से माल की लोडिंग अनलोडिंग भी जाम लगने का कारण बनती है। कुछ भारी वाहन चालक अपने वाहनों को मुख्य मार्ग के किनारे खड़ा कर देते हैं। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। अवैध रूप से चलने वाले विक्रम व ई रिक्शा भी यातायात को बाधित करने में अपना रोल बखूबी निभाते हैं। जिनसे दुर्घटनाओं का खतरा भी हमेशा बना रहता है।

सुबह शाम लगने वाले ट्रैफिक जाम से आम जनता को निजात दिलाने के लिए सेलाकुई थानाध्यक्ष शैंकी कुमार ने आज दुकानों के बाहर अपने वाहन खड़े करने व बोर्ड लगाकर अतिक्रमण करने वाले, रेहड़ी व ठेली लगाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की है।

सेलाकुई पुलिस द्वारा नगर पंचायत सेलाकुई की टीम के सहयोग से बाजार क्षेत्रान्तर्गत बड़े स्तर पर अभियान चलाकर सड़क किनारे अवैध रूप से बाइकें व ठेलियां खडी कर यातायात को बाधित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही की गई। इस दौरान सडक किनारे अव्यवस्थित रूप से लगाए गए बोर्ड सड़क से हटाए गए। इसके अतिरिक्त अवैध रूप से ठेलियां लगाकर यातायात बाधित करने वाले 15 ठेली व रेहडी संचालकों के विरूद्ध 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए 3750/ रू0 के चालान किये गये। पुलिस टीम द्वारा ठेली व रेहडी संचालको तथा अव्यवस्थित रूप से वाहन खडा कर यातायात को बाधित करने वाले व्यक्तियों को भविष्य में इस प्रकार के कृत्यों की पुनरावृत्ति न करने की सख्त हिदायत दी गयी।

पुलिस की इस कार्रवाई से आम जनता को अब उम्मीद है कि जल्द ही यातायात जाम की समस्या से निजात मिल जाएगी।

spot_img
spot_img