देहरादून (बिलाल अंसारी)-
क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में पुलिस प्रशासन द्वारा उठाए गए सराहनीय कदम के अंतर्गत पुलिस चेक पोस्ट की स्थापना किए जाने पर शिवसेना की ओर से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह को नामित एक धन्यवाद पत्र एसपी सिटी देहरादून प्रमोद कुमार को ज्ञापित किया गया। शिवसेना के देहरादून जिला अध्यक्ष रवि गैरोला के नेतृत्व में देहरादून जिला सचिव लोकेंद्र पांडे द्वारा शिवसेना पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे जनहित में अत्यंत आवश्यक और दूरदर्शी कदम बताया।

कुछ दिन पूर्व शिवसेना द्वारा ज्ञापन के माध्यम से काली पुलिया ग्राम उम्मेदपुर देहरादून में ओवरलोडिंग वाहनों एवं बिना नंबर प्लेट के वाहनों के संचालन के कारण क्षेत्र में हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए एक पुलिस चेक पोस्ट की स्थापना किए जाने की मांग की थी। शिवसेना नेताओं ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही थी। पुलिस चेक पोस्ट की स्थापना से न केवल असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा, बल्कि अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। विशेष रूप से रात्रि के समय होने वाली घटनाओं पर अंकुश लगाने में यह चेक पोस्ट महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
प्रेस को जारी बयान में शिवसेना नेताओं ने कहा कि महिलाओं, बुजुर्गों, व्यापारियों एवं विद्यार्थियों की सुरक्षा आज के समय में सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। पुलिस चेक पोस्ट की मौजूदगी से आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है और लोगों का पुलिस प्रशासन पर विश्वास और अधिक बढ़ा है। यह कदम कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ सामाजिक शांति बनाए रखने में भी सहायक सिद्ध होगा।
शिवसेना प्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के नेतृत्व में देहरादून पुलिस लगातार जनहित में कार्य कर रही है। अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक सुधार, नशे के खिलाफ अभियान एवं सामुदायिक पुलिसिंग जैसे प्रयासों से पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित हुआ है। पुलिस चेक पोस्ट की स्थापना इसी श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
इस अवसर पर शिवसेना ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी पुलिस प्रशासन आमजन की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए इसी प्रकार त्वरित एवं प्रभावी निर्णय लेता रहेगा। संगठन ने भरोसा दिलाया कि शिवसेना जनहित से जुड़े हर सकारात्मक प्रयास में पुलिस प्रशासन के साथ कदम से कदम मिलाकर खड़ी रहेगी और सामाजिक सहयोग के माध्यम से शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाएगी।
अंत में शिवसेना की ओर से एक बार पुनः एसएसपी देहरादून अजय सिंह एवं उनकी पूरी टीम का धन्यवाद व्यक्त किया गया और कहा गया कि पुलिस चेक पोस्ट की स्थापना से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा आम नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस करेंगे।
