सहसपुर के श्री गुरु राम राय इंटर कॉलेज में सामाजिक संस्था भागता भारत एवं अक्षांश फाउंडेशन ने किया दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन

सहसपुर (बिलाल अंसारी)-
श्री गुरु राम राय इंटर कॉलेज सहसपुर में सामाजिक संस्था भागता भारत एवं अक्षांश फाउंडेशन उत्तराखंड के संयुक्त तत्वाधान तथा कैंपस कंपनी के सहयोग से विभिन्न वर्गों की दौड़ प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में प्रतिभा निखारना, सामाजिक जागरूकता बढ़ाना तथा सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना रहा।

प्रतियोगिता के अंतर्गत अलग – अलग वर्गों में दौड़ आयोजित की गयी। जिसमे छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। भागता भारत संस्था के प्रतिनिधि चंदन प्रसाद ने कहा कि उनका उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करना और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव जागृत करना है। अक्षांश फाउंडेशन उत्तराखंड के निदेशक रियासत खान रियाज ने भी विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विजेताओं के चेहरे पर उत्साह और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की और आयोजकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। प्रतियोगिता में 300 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया व विजेताओं को मेडल व विभिन्न उपहार प्रदान किए गए।
इस मौके पर कैंपस प्रोग्राम हेड अर्चना, विद्यालय के प्रधानाचार्य आलोक बिजल्वान, अक्षांश फाउंडेशन उत्तराखंड के निदेशक रियासत खान रियाज, भागता भारत संस्था से चंदन प्रसाद, अंकुर लखरा उपस्थित रहे।