spot_img
spot_img
spot_img

चारधाम यात्रियों को नकली पनीर खिलाकर उनकी सेहत बिगाड़ने वालों का भंडाफोड़, सहारनपुर से सप्लाई करते थे नक़ली पनीर

कुल पांच आरोपी फंसे पुलिस के चंगुल में

देहरादून (बिलाल अंसारी) :
देहरादून के एसएसपी अजय सिंह को मिली गोपनीय सूचना पर पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुए चार धाम यात्रा मार्गों पर सप्लाई किये जाने हेतु सहारनपुर से देहरादून लाया जा रहे 7 क्विंटल से अधिक नकली पनीर के साथ 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया था। जिनसे पूछताछ के आधार पर नकली पनीर के धंधे में लिप्त 03 मुख्य अभियुक्तों मनोज, नरेन्द्र चौधरी तथा शाहरूख के नाम प्रकाश में आये थे। उक्त अभियुक्तों के द्वारा हरबर्टपुर तथा कुजां ग्रान्ट क्षेत्र में रह कर नकली पनीर की सप्लाई करने की जानकारी प्राप्त हुई थी। जिस पर तत्काल अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु उनके सभी सम्भावित स्थानों पर दबिशें दी गई थी। पुलिस टीम द्वारा की जा रही कार्यवाही के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम द्वारा अभियुक्तों मनोज तथा शाहरूख को विकासनगर क्षेत्र से तथा अभियुक्त नरेंद्र को सेलाकुई क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि अभियुक्त नरेन्द्र की सेलाकुई क्षेत्र में डेयरी है जहां से वह सहसपुर, सेलाकुई तथा आस-पास के क्षेत्रों में नकली पनीर की सप्लाई का कार्य करता है तथा अभियुक्त मनोज का हरबर्टपुर में घर तथा मोबाइल की दुकान है, दुकान की आड में अभियुक्त अपने घर से ही विकासनगर तथा चकराता आदि क्षेत्रों में नकली पनीर की सप्लाई का कार्य करता है। तीनो अभियुक्तों द्वारा पार्टनरशिप में नकली पनीर की कालाबाजारी का कार्य किया जाता है। अभियुक्त नरेन्द्र चौधरी द्वारा पूर्व में सेलाकुई स्थित अपनी भूमि को विक्रय कर सहारनपुर के कासमपुर में जंगलो के बीच प्लाट पर नकली पनीर फैक्ट्री बनाई गयी थी। जिसमें अभियुक्त द्वारा कैमिकल का इस्तेमाल कर नकली पनीर तैयार किया जाता है। अभियुक्त मनोज पनीर की सप्लाई तथा अभियुक्त शाहरूख नकली पनीर के लिये दूध आदि की व्यवस्था करने का काम संभालता है।

उत्तराखण्ड में शुरू होने जा रही चार धाम यात्रा में पनीर की खपत अधिक होने के कारण अभियुक्तों द्वारा सहारनपुर से भारी मात्रा में नकली पनीर देहरादून भेजा गया था, जिसे अभियुक्त चार धाम यात्रा मार्गों पर पडने वाले रेस्टोरेंटो व मुख्य पडावों में सप्लाई कर भारी मुनाफा कमाने की फिराक में थे। अभियुक्त मनोज से पूछताछ में उसके द्वारा कुछ दिन पूर्व ही लगभग 20 किलो नकली पनीर को चकराता में एक दुकानदार को बेचे जाने की बात बताई गई थी। जिस पर पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए उक्त नकली पनीर को चकराता क्षेत्र से बरामद करते हुए उसे नष्ट करने की कार्यवाही की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त मनोज कुमार पुत्र मेहरपाल निवासी हरर्बटपुर वार्ड नं0- 05, थाना विकासनगर, देहरादून, शाहरूख पुत्र मुनफैत निवासी कुंजा ग्रान्ट, थाना विकासनगर, देहरादून तथा नरेन्द्र सिंह पुत्र श्री नकली सिंह निवासी ग्राम छोटुवाला, ग्रा0पंचा0 बादामावाला, विकासनगर, देहरादून , अब्दुल मन्नान पुत्र सलीम अहमद निवासी ईश्वर विहार रायपुर रोड देहरादून और आरिफ पुत्र मेहंदी हसन निवासी बैरागी वाला थाना सहसपुर,देहरादून हैं।
कैसे रुकेगा नकली पनीर का कारोबार ?
FSSAI और स्थानीय खाद्य सुरक्षा विभाग को बाजारों, मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स और सप्लाई चेन पर नियमित छापेमारी करनी चाहिए। नकली पनीर बनाने और बेचने वालों के खिलाफ सख्त सजा (जुर्माना और जेल) लागू हो, ताकि डर पैदा हो। नकली पनीर में अक्सर स्टार्च, वेजिटेबल फैट, या स्किम्ड मिल्क पाउडर मिलाया जाता है, जो कि सेहत के लिए हानिकारक होता है।

spot_img
spot_img