मसूरी में कैम्पटी फॉल का रौद्र रूप देखकर सहम गए पर्यटक, पुलिस ने लोगों को पहुंचाया सुरक्षित स्थानों पर

मसूरी (बिलाल अंसारी) :
रविवार दोपहर को कैंपटी क्षेत्र में जोरदार बारिश हुई। दोपहर करीब तीन बजे कैंपटी फॉल उफान पर आ गया। झरने का पानी बहुत तेजी से नीचे गिर रहा था, जो डरावना लग रहा था। पहाड़ से मलबा और पत्थर भी तेजी से नीचे गिरने लगे। मसूरी भारी बारिश के कारण कैंपटी फॉल का नजारा डरावना हो गया। झरने में पानी का बहाव इतना तेज था कि पर्यटक सहम गए। पानी के साथ मलबा और पत्थर भी बहकर झील में जमा हो गए। प्रशासन ने पर्यटकों को झरने से दूर रहने की सलाह दी है। खतरे को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पर्यटकों को कैंपटी फॉल जाने से रोक दिया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए झरने के आसपास मौजूद पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

पहाड़ों की रानी मसूरी के आसपास हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। झरने के पानी के साथ भारी मात्रा में मलवा बह कर आया, जिससे पानी सफेद धारा की जगह मटमैला हो गया। साथ ही मुख्य मार्ग से भी पानी का तेज वहाव होने से मलवा लोगो की दुकान में घुस गया जिससे दुकान में रखा सामान भी खराब हो गया। पर्यटक काफी सहमे हुये नजर आये। हालाँकि किसी भी प्रकार का जान का नुकसान नहीं हुआ है।

कैम्पटी पुलिस इंजार्च ने बताया कि भारी बारिश के कारण कैम्पटी फॉल के झरने का जलस्तर बढ गया था परन्तु पुलिस द्वारा भारी बारिश को देखते हुए पहले ही कैम्पटी फॉल में सभी लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी थी। उन्होने कहा कि दो घंटे के भितर की कैम्पटी फॉल का जलस्तर अपने मूल स्वरूप में आ गया था जिसके बाद सभी व्यवस्था सामान्य हो गई थी। उन्होने कहा कि कई लोग सड़क किनारे जंगल में मलबा डालते हैं, जो भारी बारिश में बहकर मुख्य सड़क और कैम्पटी फॉल में आ जाता है जिसको लेकर पुलिस द्वारा जांच की जाएगी और अनाधिकृत रूप से जंगल में मलबा डालने वालो को चिन्हित कर कार्यवाही की जायेगी। वहीं मौसम विभाग ने 8 मई तक राज्य में मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की है।