अलग-अलग हादसों में गंगा में नहाते समय डूबे दो युवक, एसडीआरएफ का सर्च अभियान जारी

ऋषिकेश (डा.बिलाल अन्सारी) : मुनि की रेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत कौड़ियाला के पास गंगा में नहाने गया सीतामढ़ी बिहार निवासी एक युवक तेज बहाव की चपेट में आकर गंगा में बह गया। पुलिस तथा एसडीआरएफ की टीम उसकी तलाश में जुटी है। एसडीआरएफ के निरीक्षक कविंद्र सजवान ने बताया कि चार युवक की दोपहर करीब 2:00 बजे ऋषिकेश बद्रीनाथ मार्ग पर व्यासी के समीप गंगा मे नहाने गए थे। नहाते समय एक युवक आदित्य कुमार ( उम्र- 23 वर्ष) पुत्र अजय कुमार निवासी सनवर्षा, थाना सनवर्षा जिला सीतामढ़ी, बिहार गंगा में कुछ आगे बढ़ा तो तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया।
कुछ दूर तक बहने के बाद वह लहरों में ओझल हो गया। उसके तीन अन्य साथियों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस तथा एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। काफी खोजबीन के बाद भी युवक का कुछ पता नहीं चल पाया। थाना प्रभारी निरीक्षक मुनिकीरेती रितेश शाह ने बताया कि चारों युवक चोपता घूमने गए थे, वहां से लौटते समय हुए यहां नहाने के लिए रुके थे।

वहीं दूसरी घटना में थाना मुनि की रेती क्षेत्रान्तर्गत निम बीच पांडव पत्थर के पास रवि पुत्र गौरव नाथ वर्मा, (उम्र – 26 वर्ष) निवासी- विकास नगर, उत्तम नगर, नई दिल्ली वेस्ट जो अपने पड़ोसी प्रवीण वर्मा पुत्र मूर्ति वर्मा, निवासी- विकासनगर, उत्तमनगर नई दिल्ली वेस्ट की फैमिली के साथ ऋषिकेश आया था, नदी में नहाते हुए डूब गया।
एसडीआरएफ की अलग- अलग टीमों द्वारा घटनास्थल के आसपास के स्थानों पर गहन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
खबर लिखने तक दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।