spot_img
spot_img
spot_img

उत्तराखंड के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी केवल खुराना का निधन, पुलिस विभाग में शोक की लहर

उत्तराखंड (बिलाल अंसारी) : उत्तराखंड कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी केवल खुराना का निधन हो गया है। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और दिल्ली के मैक्स अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। केवल खुराना के निधन की खबर से प्रदेश के पुलिस विभाग में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तराखंड पुलिस ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

केवल खुराना 2005 बैच के आईपीएस अधिकारी थे, जिन्होंने प्रदेश में कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दीं। खुराना को एक अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ और उत्कृष्ट प्रशासनिक क्षमता वाले अधिकारी के रूप में जाना जाता था। वे आईजी स्तर पर होमगार्ड विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इसके अलावा, उन्होंने राज्य में कई अहम पदों पर कार्य करते हुए अपनी एक अलग पहचान बनाई।

केवल खुराना को देहरादून में यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए भी जाना जाता है। उन्होंने देहरादून में एसएसपी के रूप में कार्य करते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए कड़ी मेहनत की। इसके अलावा, उन्होंने राज्य के कई जिलों में कमान संभाली और पहली बार ट्रैफिक डायरेक्टर के रूप में भी उन्हें जिम्मेदारी दी गई। आईपीएस अधिकारी केवल खुराना के निधन से उत्तराखंड ने एक काबिल पुलिस अधिकारी को खो दिया है। उनके निधन की खबर से सभी गहरे दुख में हैं।

मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आईपीएस अधिकारी केवल खुराना के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि पुण्यात्मा को उनके श्रीचरणों में स्थान मिले और शोकाकुल परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

spot_img
spot_img