अभियुक्त जल्दी पैसा कमाने के लालच में बन गया वाहन चोर
सहसपुर (डॉ बिलाल अंसारी) : दिहाड़ी मज़दूरी करने वाला एक अभियुक्त जल्दी पैसे कमाने की चाहत में शातिर वाहन चोर बन गया। जिसने एक के बाद एक लगातार सात मोटर साईकलों पर हाथ साफ़ कर दिया। सहसपुर पुलिस ने आज उक्त वाहन चोर को आखिर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
7 मई को अल्लाह रखा पुत्र नीतू, निवासी सभावाला थाना सहसपुर के द्वारा एक लिखित तहरीर दी गई कि लक्ष्मीपुर से उनकी मोटरसाइकिल किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई है। जिसके सम्बन्ध मे थाना सहसपुर मे मुकदमा दर्ज किया गया।
दूसरी घटना 16 मई को अमन पुत्र बब्लेश, निवासी सभावाला थाना सहसपुर देहरादून द्वारा लिखित तहरीर देकर बताया कि दिनांक 11 मई को सभावाला तिराहे के पास से किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनकी मोटरसाइकिल चोरी कर ली गई है। तहरीर के आधार पर थाना सहसपुर पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
लगातार हुई वाहन चोरी की घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कप्तान देहरादून अजय सिंह द्वारा थानाध्यक्ष सहसपुर मुकेश त्यागी को घटना के खुलासे व अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों के द्वारा घटनास्थलों का निरीक्षण करते हुए, घटना स्थल व उसके आसपास के स्थानो में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेजों का अवलोकन करते हुए घटना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां एकत्रित की गई।
पुलिस द्वारा किये जा रहे प्रयासो के परिणामस्वरूप दिनांक 17 मई को पुलिस द्वारा थाना सहसपुर क्षेत्रान्तर्गत रामपुर मे चैकिंग के दौरान घटना में शामिल अभियुक्त शिवम कुमार पुत्र जोगेन्दर निवासी ग्राम गंगदासपुर जट थाना देवबंद, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) को चोरी की गई बजाज प्लेटिना मोटरसाईकिल संख्या UK07Z-6801 के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अभियुक्त द्वारा उक्त मोटर साइकिल को 11 मई को सहसपुर तिराहे से चोरी किया जाना स्वीकार किया गया। अभियुक्त की तलाशी लेने पर उसकी जेब से कुछ अन्य दो पहिया वाहनो की चाबियां बरामद हुई। जिनके सम्बंध में सख्ती से पूछताछ करने पर अभियुक्त द्वारा उक्त चाबियो का उसके द्वारा अलग-अलग स्थानो से चोरी किये गये दो पहिया वाहनो की होना बताया गया। जिन्हें उसके द्वारा सहसपुर क्षेत्र में छिपाने की बात बतायी गयी। पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त की निशानदेही पर शंकरपुर मेंटल हास्पिटल वाली रोड से आगे बन्द पडी पटाखा फैक्ट्री के पास सोरणा नदी के पुश्ते की आड में झाडियों मे छिपाई गई चोरी की 06 अन्य मोटरसाइकिलो को बरामद किया गया। अभियुक्त द्वारा पुलिस से बचने के लिये चोरी के कुछ वाहनों के नम्बर प्लेटो को बदलते हुए उन पर फर्जी नम्बर प्लेट लगाई गयी थी। अभियुक्त को आज न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।
अभियुक्त का नाम शिवम कुमार पुत्र जोगेन्दर निवासी ग्राम गंगदासपुर जट थाना देवबंद जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश (उम्र-19 वर्ष) है।
सहसपुर थानाध्यक्ष मुकेश त्यागी ने बताया कि अभियुक्त मूल रूप से सहारनपुर उत्तरप्रदेश का रहने वाला है तथा सेलाकुई क्षेत्र में इण्डस्ट्री एरिया के पास अपने गांव के एक युवक के साथ किराये पर रहता है। देहरादून में दिहाड़ी-मजदूरी पर पेंटर का कार्य करता है। परन्तु लगातार दिहाड़ी-मजदूरी का काम न मिलने व जल्दी पैसे कमाने के लालच में उसके द्वारा वाहन चोरी की घटनाओ को अजांम दिया गया था। अभियुक्त अक्सर सुनसान स्थानो पर खडे वाहनो की रैकी करता था और मौका देखकर वाहन चोरी की घटनाओ को अंजाम देता था । अभियुक्त द्वारा चोरी के सभी वाहनो को सुनसान इलाके में छिपाकर रखा गया था। जिन्हें वह सहारनपुर ले जाकर बेचने की फिराक में था। अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की जानकारी भी की जा रही है।
अभियुक्त के कब्ज़े से बजाज प्लेटिना मोटरसाईकिल संख्या UK07Z-6801, हीरो स्पलेण्डर मोटरसाईकिल संख्या UK17F-2924 , हीरो स्पलेण्डर मोटरसाईकिल, संख्या UK07-BS 9981 , हीरो स्पलेण्डर मोटरसाईकिल, बिना नम्बर प्लेट, रंग काला , हीरो स्पलेण्डर मोटरसाईकिल, बिना नम्बर प्लेट, रंग काला, हीरो स्पलेण्डर मोटरसाईकिल,संख्या HP18B 0874 , हीरो स्पलेण्डर मोटरसाईकिल, बिना नम्बर प्लेट, रंग काला बरामद हुई हैं।
