दो दिनों से चल अवैध वसूली का खेल, हिमाचल प्रदेश के निवासी हैं गिरफ्तार तीनों आरोपी
विकासनगर (बिलाल अंसारी) :
विकासनगर क्षेत्र के हरबर्टपुर कस्बे में फर्जी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की एक टीम द्वारा अवैध छापेमारी और उगाही का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खुद को सरकारी अधिकारी बताकर तीन युवक एक दूध डेयरी पर पहुंचे और ‘जांच’ के नाम पर बीस हजार रुपये की मांग करने लगे। डेयरी संचालक मनोज कुमार को शक हुआ और उन्होंने तुरंत असली खाद्य सुरक्षा विभाग से संपर्क किया। इसके बाद तीनों आरोपियों को रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
घटना सोमवार की है जब सुबह तीन युवक मनोज कुमार की डेयरी पर पहुँचे। उन्होंने खुद को “फूड सेफ्टी ऑफिसर” बताकर दस्तावेज दिखाए और जांच का नाटक शुरू कर दिया। उनके साथ एक फर्जी महिला अधिकारी भी होने की बात कही जा रही है, जो कहीं आसपास मौजूद थी। आरोपियों ने दूध के नमूने लेने की प्रक्रिया की नकल करते हुए डेयरी में खामियां निकालनी शुरू कर दीं और फिर सीधा 20 हजार रुपये की मांग की। डेयरी संचालक मनोज कुमार ने जब उनसे विभागीय पहचान पत्र मांगे और कुछ नियमों की जानकारी पूछी, तो उनकी बातों में झोल नजर आया। शक गहराने पर मनोज ने तत्काल जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष सियाणा को फोन कर घटना की जानकारी दी।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष सियाणा ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत क्षेत्रीय अधिकारी संजय तिवारी से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा के चलते इन दिनों खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान यह सूचना मिली कि कुछ लोग नकली अधिकारी बनकर दुकानों से पैसे वसूल रहे हैं। संजय तिवारी ने स्थानीय पुलिस को मौके पर भेजा। पूछताछ में तीनों युवक अपनी बातों में उलझते नजर आए और सही जानकारी नहीं दे पाए। जब उनसे अधिक गहराई से पूछताछ की गई, तो वे टूट गए और स्वीकार किया कि वे सरकारी अधिकारी नहीं हैं।

पुलिस द्वारा की गयी जांच में यह बात सामने आई है कि यह गिरोह दो दिन पहले से हरबर्टपुर क्षेत्र में सक्रिय था और छोटे दुकानदारों, मिठाई वालों व डेयरी संचालकों को टारगेट बना रहा था। वे लोगों को डरा-धमका कर पैसे वसूलने की फिराक में थे। स्थानीय दुकानदारों ने भी आरोपियों के खिलाफ विरोध जताते हुए तहरीर दी है। खाद्य विभाग के क्षेत्रीय निरीक्षक ने भी थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गए अभियुक्त अमन पुत्र सोहन सिह (उम्र 25 वर्ष), धीरज पुत्र यशवन्त सिह (उम्र 30 वर्ष) और विनोद पुत्र नरेन्द्र (उम्र 41 वर्ष} निवासी ग्राम कोलर थाना माजरा जिला सिरमौर, हिमाचल प्रदेश हैं।
