विकासनगर (डॉ बिलाल अंसारी) : यातायात नियमों के उल्लंघन से सड़क हादसों को बढ़ावा मिल रहा है। लोग नियमों को दरकिनार कर हादसों को निमंत्रण दे रहे हैं। दो सवारियों की बाइक पर तीन से चार सवारियां चल रहीं हैं, वह भी बिना हेलमेट के। जिससे जान का खतरा बढ़ रहा है। मॉडिफाइड साईंलेंसर वाली बुलेट से पटाखे छोड़ने वाले लोग ध्वनि प्रदूषण फैलाते हैं। जिससे आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।

कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकीं हैं और जान भी जा चुकी है, लेकिन लोग हैं कि मानने को तैयार ही नहीं हैं। बार-बार पुलिस द्व्रारा यातायात नियमो के प्रति जागरूक करने के बावजूद सड़कों पर बिना हेलमेट के ही नहीं, बल्कि तीन से चार सवारी बैठाकर बाइक सवार हाईवे पर दौड़ रहे हैं। नियमों के उल्लंघन करने को युवा अपनी शान समझते हैं। जिसका खामियाजा कई बार दुर्घटना के रूप में उन्हें भुगतना पड़ रहा है। अधिकांश दुर्घटनाएं लापरवाही और नशे में वाहन चलाने पर हो रहीं है। जबकि हेलमेट न पहनने से जाने जा रहीं हैं। लोगों को अपनी और दूसरों की जान की परवाह करनी चाहिए।

एसएसपी देहरादून अजय सिंह के आदेशानुसार एसपी ग्रामीण लोकजीत सिंह व क्षेत्राधिकारी विकासनगर भास्कर लाल शाह की निगरानी में में कोतवाली विकासनगर पुलिस द्वारा विशेषकर चलते वाहन पर मोबाइल का प्रयोग करना, ट्रिपल राइडिंग करना , नाबालिग बच्चो द्वारा वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
जिसमें यातायात के नियमों का उल्लंघन करने पर एमवी एक्ट में 19 वाहन सीज किए गए। 11 वाहनों का चालान न्यायालय से किया गया और 18 वाहन चालको का नगद चालान कर 9000 / रूपये का संयोजन शुल्क वसूला गया। कुल 48 वाहन चालको के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
इसके साथ ही विकासनगर बाजार में अतिक्रमण करने वालो के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई, 18 चालान (81 पुलिस एक्ट) में कर 5000 / रूपये नगद संयोजन शुल्क वसूला गया। विकासनगर पुलिस द्वारा उक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
