विकासनगर में कार का शीशा तोड़कर हुई चोरी का विकासनगर पुलिस ने किया खुलासा, चोरी की पिस्टल तथा जिंदा कारतूसों के साथ दो अभियुक्त गिरफ्तार

विकासनगर (बिलाल अंसारी) :-
विकासनगर पुलिस को आज दो शातिर चोरों को दबोचने में सफलता मिली है जिन्होंने नशे की पूर्ति के लिये अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर कार का शीशा तोड़कर लाइसेंसी पिस्तौल और कारतूस चोरी कर लिए थे।
कोतवाली विकासनगर पुलिस के अनुसार 28 नवंबर की रात्रि में विकासनगर पुलिस द्वारा चेकिंग के दौरान कुंजा ग्रान्ट निकट अग्रवाल भण्डारण के पास से दो अभियुक्तों शादाब पुत्र इस्लाम निवासी ग्राम कुन्जा ग्रान्ट थाना विकासनगर जनपद देहरादून तथा सन्नी शर्मा पुत्र ब्रहमदत्त शर्मा निवासी मंडी चैक विकासनगर देहरादून को एक लाइसेंसी पिस्टल व दो जिन्दा कारतूस 0.32 बोर के साथ गिरफ्तार किया गया।
बरामद अस्लहे के सम्बन्ध में पूछताछ में अभियुक्त सन्नी शर्मा द्वारा बताया कि उसने अपने चार अन्य साथियों रजत चौधरी, राजवीर उर्फ राजा, सचिन तथा आर्यन नेगी के साथ मिलकर कुछ महीने पूर्व तहसील विकासनगर के पास खड़ी एक कार का शीशा तोड़कर उसके अंदर से एक बैग चोरी किया था। जिसमें उन्हें एक पिस्टल, दो मैगजीन, 14 कारतूस, 70,000/- रू0 कैश, बैंक पासबुक तथा कुछ अन्य कागजात मिले थे। अभियुक्तों द्वारा बैग से सारा सामान निकालकर उसे अपने पास रख लिया था तथा बैग को वहीं पास स्थित नाले में फेंक दिया गया था।

बैग से बरामद कुछ कारतूसों को अभियुक्तों द्वारा अपने शौक के लिये पिस्टल से फायर कर दिया था। पिस्टल को अभियुक्त सनी द्वारा अपने एक अन्य साथी शादाब को रखने के लिये दे दी थी। चोरी किये गए पैसे व अन्य सामान को उनके द्वारा आपस में बांट लिया था। उक्त पिस्टल को अभियुक्त शादाब तथा सनी आपस में बदल-बदलकर अपने पास रखते थे।
आज अभियुक्त सनी उक्त पिस्टल को शादाब से लेने आया था, इस बीच पुलिस द्वारा चैकिंग के दौरान दोनो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त सनी नशे का आदी है तथा अभियुक्त द्वारा अपने नशे की पूर्ति के लिए अपने अन्य नशेडी साथियों के साथ मिलकर उक्त टप्पेबाजी की घटना को अंजाम दिया गया था। जिसके सम्बन्ध में पूर्व में ही थाना विकासनगर पर मु0अ0सं0- 110/2025 धारा: 303(2) बीएनएस का मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें पुलिस द्वारा अभियुक्तों की तलाश की जा रही थी।