सेलाकुई में सुनार की दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने किया पर्दाफाश

एक अभियुक्त गिरफ्तार, चोरी की गई ज्वैलरी बरामद

सेलाकुई (डॉ बिलाल अंसारी) : बीती 25 अप्रैल को यश पासी पुत्र रमेश पासी निवासी एटन बाग थाना विकासनगर द्वारा थाना सेलाकुई में लिखित तहरीर दी थी कि अज्ञात चोर द्वारा उनकी दुकान की दीवार तोड़कर ज्वेलरी चोरी कर ली गयी है। प्राप्त तहरीर के आधार पर तत्काल थाना सेलाकुई में मु0अ0सं0-64/24, धारा 380/457 भादवि का अभियोग पंजीकृत किया गया।
वारदात की गंभीरता के दृष्टिगत घटना के अनावरण तथा अभियुक्तो की गिरफ्तारी हेतु एसएसपी देहरादून अजय सिंह द्वारा तत्काल पुलिस टीम गठित कर आवश्यक निर्देश दिये गये। निर्देशों के अनुपालन में गठित टीम द्वारा घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों की गहनता से जांच की गयी। साथ ही सुरागरसी करते हुए स्थानीय मुखबिरो को भी सक्रिय किया गया। पुलिस टीम द्वारा किये जा रहे लगातार प्रयासों के परिणाम स्वरूप मुखबिर की सूचना पर घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्त राजा भैया को धूलकोट के जंगल से चोरी की गयी ज्वैलरी (अनुमानित कीमत लगभग 02 लाख रू0) तथा घटना में प्रयोग किए गए आला नकब सहित गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम राजा भैया पुत्र राम शंकर निवासी मुन्ना पुरवा थाना मझगई जिला खीरी उत्तर प्रदेश, (उम्र 22 वर्ष) बताया। अभियुक्त ने पुलिस को ये भी बताया कि वह लगभग एक वर्ष पूर्व सेलाकुई स्थित ईस्ट अफ्रीकन कम्पनी में मजदूरी का कार्य किया करता था। इसी दौरान उसे आनलाइन ट्रेडिंग का चस्का लग गया, जिससे उस पर काफी अधिक कर्जा हो गया। आर्थिक तंगी से निकलने तथा अपने ऊपर चढे कर्ज को उतारने के लिये उसने चोरी की घटना को अंजाम दिया । अभियुक्त चोरी की गयी ज्वैलरी को बेचने के लिये बाहर जाने की फिराक में था लेकिन उससे पूर्व ही सेलाकुई पुलिस द्वारा उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरिक्षक शैंकी कुमार थानाध्यक्ष सेलाकुई, उप निरीक्षक अनित कुमार, कांस्टेबल बृजेश, कांस्टेबल फरमान, कांस्टेबल सुधीर, कांस्टेबल उपेंद्र भंडारी, हेड कांस्टेबल जितेंद्र एवं कांस्टेबल नवीन (एसओजी देहात) शामिल रहे ।