spot_img
spot_img
spot_img

प्रेमनगर क्षेत्र में सड़क के बीचो-बीच पेट्रोल से भरे टैंकर में लगी आग से पूरे इलाके में दहशत

देहरादून (डॉ बिलाल अंसारी) : देहरादून के प्रेमनगर इलाके में उत्तरांचल यूनिवर्सिटी प्रेमनगर गेट के सामने पेट्रोल से भरे एक टैंकर में अचानक आग लग गई। सड़क के बीचो-बीच गुजर रहे टैंकर में लगी आग से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। टैंकर में 14000 लीटर पेट्रोल भरा हुआ था। टैंकर में आग लगने से सड़क के दोनों तरफ आवाजाही ठप हो गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को तीतर बितर कर लोगों को टैंकर से दूर खदेड़ा। पुलिस व फायर ब्रिगेड की मुस्तैदी से यह हादसा टल गया है।
प्रसिद्ध शिक्षण संस्थान यू आई टी के मेन गेट के सामने सड़क के बीचो-बीच जल रहे पेट्रोल के इस टैंकर की तस्वीरो ने राहगीरों को दहशत में डाल दिया। आग टैंकर के अगले हिस्से में शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी। गनीमत यह रही कि पेट्रोल के इस टैंकर में पर्याप्त अग्नि नियंत्रण यंत्र होने की वजह से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया । अगर आग पीछे टैंकर तक पहुंच जाती तो बहुत बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। आग बुझने के बाद क्षेत्रवासियो ने राहत की सांस ली।

spot_img
spot_img