विकासनगर (बिलाल अंसारी) : लोकतंत्र बचाने एवं समुदाय विशेष के उत्पीड़न के खिलाफ जन संघर्ष मोर्चा ने आज विकासनगर में हल्ला बोला।
जन संघर्ष मोर्चा कार्यकर्ताओं एवं समुदाय विशेष से जुड़े लोगों द्वारा मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में लोकतंत्र बचाने एवं सरकार द्वारा समुदाय विशेष के हितों पर कुठाराघात व शोषण के खिलाफ तहसील घेराव प्रदर्शन कर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
रघुनाथ सिंह नेगी ने तंज कसते हुए कहा कि अगर सरकार में हिम्मत है तो समुदाय विशेष से इतर बगैर नक्शा पास कराये संचालित प्राइवेट विद्यालयों (कॉन्वेंट स्कूलों), सरकारी भवनों, सरकारी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रो, चाहे वो निजी या सरकारी भवनों में संचालित हैं, क्या उनको भी सरकार नोटिस जारी करने व सील किए जाने की कार्रवाई करने का दम रखती है ! बड़े दुर्भाग्य की बात है कि सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या करने पर तुली है। मोर्चा राजभवन से मांग करता है कि समुदाय विशेष के खिलाफ की जा रही उत्पीड़नात्मक कार्यवाही व दोहरा मापदंड अपनाने को लेकर सरकार पर चाबुक चलाने का काम करे।
गौरतलब है कि उत्तराखंड में मदरसों को शिक्षा का अधिकार ऐक्ट के नाम पर बंद करने की कार्रवाई कि जा रही है। यह मुस्लिम समुदाय की धार्मिक शिक्षा को निशाना बना रही है। दूसरी ओर, सरकार का कहना है कि यह कदम बच्चों के अधिकारों और शिक्षा के मानकीकरण के लिए उठाया जा रहा है।
