अवैध खनन, ओवर लोड एवं रैश ड्राईविंग के विरुद्ध विकासनगर पुलिस की कार्यवाही जारी दो दिनों में एक दर्जन वाहन सीज

विकासनगर (बिलाल अंसारी) :
विकासनगर में खनन सामग्री से भरे ओवरलोड वाहन सड़क हादसों के प्रमुख कारण बन रहे हैं क्योंकि वे यातायात नियमों का उल्लंघन करते हैं, जिससे नियंत्रण खोने की संभावना बनी रहती हैं। प्रशासनिक सख्ती, जैसे नियमित चेकिंग, नाकेबंदी, और जुर्माना जैसी कार्रवाई के बावजूद खनन माफियाओं की सक्रियता और कमजोर निगरानी के कारण यह समस्या जस की तस बनी हुई है। खनन से लदे ओवरलोड वाहनों की तेज रफ्तार के कारण सड़क दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। अवैध खनन से लदे वाहन अक्सर रात के समय चलते हैं ताकि चेकिंग से बचा जा सके, जिससे सड़क हादसों में बढ़ोतरी हुई है। खनन के ओवरलोड ट्रैक्टर ट्रॉली बिना रिफ्लेक्टर के चलते हैं, जिससे रात में हादसों का खतरा और बढ़ जाता है।

अवैध खनन व ओवरलोडिंग का मुद्दा राजनीतिक गलियारों में गर्म है। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने 27 मार्च 2025 को लोकसभा में अवैध खनन मुद्दे को उठाया था। जिसके बाद BJP विधायक मुन्ना सिंह चौहान द्वारा विकासनगर में अवैध खनन की ट्रॉली पकड़ने और पुलिसिया मिलीभगत का आरोप लगाने से भी विवाद बढ़ा। दूसरी ओर कांग्रेस के नेता पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी धामी सरकार पर अवैध खनन को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है।

हालाँकि आज अवैध खनन, ओवर लोड एवं रैश ड्राईविंग के विरुद्ध कोतवाली विकासनगर पुलिस द्वारा कार्यवाही की गई है। विगत दो दिनो में कोतवाली पुलिस द्वारा अवैध खनन, ओवर लोड एवं रैश ड्राईविंग के विरुद्ध कार्यवाही हेतु चैकिंग अभियान चलाया गया। जिसमें एक दर्जन वाहन (डम्फर, ट्रैक्टर मय ट्रॉली, बस, पिकअप) सीज किये गये। विकासनगर पुलिस का कहना है कि चैकिंग अभियान लागातार जारी रहेगा। विकासनगर पुलिस द्वारा की गयी उक्त कार्रवाई को बीते दिनों विधायक मुन्ना सिंह चौहान के खुद अवैध खनन से भरी ट्रेक्टर ट्रॉली पकड़ने से भी जोड़कर देखा जा रहा है।