spot_img
spot_img
spot_img

उड़ान भरने के पांच मिनट बाद क्रैश हुआ एयर इंडिया का विमान, 242 यात्री थे सवार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने घटना पर गहरा दुख जताया

अहमदाबाद :-
गुजरात के अहमदाबादसे दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जहाँ आज एक बड़ा विमान हादसा हो गया। विमान में 242 लोग सवार थे। B787 विमान VT-ANB अहमदाबाद से लंदन जा रहा था। जिसने दोपहर 1 बजकर 38 मिनट पर उड़ान भरी थी और उसके 5 मिनट बाद क्रैश हो गया। हादसे की असल वजह अब तक सामने नहीं आ पाई है। इसमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक समेत कुल 230 यात्री सवार थे। बाकी 12 क्रू मेंबर्स थे।

हादसे की जगह से मिले ज्यादातर शव इतनी बुरी तरह झुलस चुके हैं कि उनकी पहचान करने में बेहद मुश्किल आ रही है। लाशों की पहचान DNA टेस्ट के बाद ही संभव होगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता विजय रुपाणी भी सवार थे। विमान 191 मीटर की ऊंचाई से अचानक नीचे आकर गिरा है। इसके बाद आग के गोले में तब्दील हो गया। लंबी दूरी की फ्लाइट होने के कारण फ्यूल टैंक पूरा भरा हुआ था। जो विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है, वो 11 साल पुराना बताया गया है। डीजीसीए ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं।

इसी बीच बीएसएफ और एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। हादसे की असल वजह अभी तक सामने नहीं आई है। वहीं, दूसरी ओर बचाव दल विमान के ब्लैक बॉक्स को खोजने में जुटी है। ब्लैक बॉक्स के मिलने के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आएगी। ब्लैक बॉक्स का काम उड़ान के दौरान विमान से जुड़ी बेहद जरूरी गतिविधियों को रिकॉर्ड करना है।
ब्लैक बॉक्स में दो महत्वपूर्ण डिवाइस इंस्टॉल की जाती है। पहला है FDR, फ्लाइट डाटा रिसर्च। इस डिवाइस में प्लेन की रफ्तार, ऊंचाई, इंजन की स्थिति, फ्लाइट का रूट, पायलट की हर गतिविधियों को रिकॉर्ड की जाती है। वहीं, दूसरी ओर CVR यानी कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर होता है। कॉकपिट में पायल और को पायलट के बीच हुई बातचीत सहित अन्य जरूरी ऑडियो रिकॉर्ड होते हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज अहमदाबाद में हुई दुखद घटना पर गहरा दुख और पीड़ा व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस त्रासदी ने पूरे देश को स्तब्ध और दुखी कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह घटना इतनी हृदय विदारक है कि इसे शब्दों में व्‍यक्‍त नहीं किया जा सकता। मोदी ने कहा कि वे प्रभावित लोगों को त्वरित एवं प्रभावी सहायता सुनिश्चित करने के लिए मंत्रियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क में हैं।

spot_img
spot_img