सेलाकुई (बिलाल अंसारी)-
देर शाम सेलाकुई में सारना नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने से तीन किशोरों की जान मुसीबत में फंस गई। थाना सेलाकुई पर डायल 112 के माध्यम से समय करीब 19:40 बजे सूचना प्राप्त हुई कि कैंचीवाला के पास सारना नदी में तीन बच्चे बरसात के पानी का तेज बहाव आने एवं तीनों बच्चों के पहले से सारना नदी में होने के कारण नदी में फंसे हुए है। उक्त सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए थानाध्यक्ष पीडी भट्ट, उपनिरीक्षक अनित कुमार मय हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह आपदा उपकरण के मौके पर पहुंचे।

तब तक मौके पर एसडीआरएफ, एनडीआरफ एवं फायर सर्विस भी पहुंच गई थी। संयुक्त कार्रवाई में नदी में फंसे तीनों बच्चे सूरज पोखरियाल पुत्र हरिश्चंद्र पोखरियाल निवासी अटक फॉर्म थाना सेलाकुई जनपद देहरादून (उम्र 17 वर्ष), अर्जुन अधिकारी पुत्र भोपाल सिंह अधिकारी निवासी मसूरी कॉलोनी थाना सेलाकुई जनपद देहरादून (उम्र 15 वर्ष) और सूरज पंवार पुत्र प्यार सिंह पवार निवासी अटक फॉर्म खैरी थाना सेलाकुई जनपद देहरादून (उम्र 15 वर्ष) को रेस्क्यू करते हुए सुरक्षित पानी के तेज बहाव से बाहर निकाला गया तथा उक्त संबंध में सूचना उच्च अधिकारीगण को प्रेषित की गई। मौके पर जनता द्वारा संयुक्त पुलिस टीम की सराहना की जा रही है।
