
सेलाकुई (डॉ बिलाल अंसारी)-
ऑपरेशन प्रहार के तहत सेलाकुई पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 11 पेटियों में रखी 126 बोतल चंडीगढ़ मार्का अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब ले जा रही टैक्सी के चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 18 सितंबर 2026 की शाम सेलाकुई क्षेत्र में स्वारना नदी के पास पुलिस टीम रूटीन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सहसपुर की ओर से आ रही सफेद रंग की टोयोटा इटियोस टैक्सी संख्या PB01C-0837 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की डिग्गी से 11 गत्ते की पेटियों में कुल 126 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब चंडीगढ़ में बिक्री के लिए निर्धारित बताई गई है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 32 हजार रुपये है।
पुलिस ने कार चालक अनिल सिंह (उम्र 44 वर्ष ) पुत्र स्वर्गीय दिनेश सिंह, निवासी आदर्शनगर, नया गांव, एसएएस नगर मोहाली, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि वह मोहाली में टैक्सी चलाता है और शराब को चंडीगढ़ से पौड़ी गढ़वाल में एक शादी समारोह के लिए लेकर जा रहा था। पुलिस ने शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही टोयोटा इटियोस कार को कब्जे में ले लिया है। मामले में थाना सेलाकुई में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब शराब की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
