खेल महाकुंभ में पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान, जिला स्तर के लिए 20 से अधिक खिलाड़ी चयनित

सहसपुर (डॉ बिलाल अंसारी)-
सहसपुर के श्री गुरु राम राय इंटर कॉलेज में खेल महाकुंभ 2026 के तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में प्रधानाचार्य आलोक बिजल्वान ने पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
खेल प्रशिक्षक रियासत खान रियाज ने बताया कि खेल महाकुंभ 2026 में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने न्याय पंचायत और ब्लॉक स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 से अधिक छात्र-छात्राओं ने पदक हासिल किए हैं। इनमें विभिन्न खेलों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों का चयन जिला स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए हुआ है। उन्होंने बताया कि विद्यालय के 20 से अधिक छात्र-छात्राएं अब जिला स्तर पर प्रतिभाग करेंगे। जिला स्तर पर चयन होने से खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों में भी खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों की सफलता को अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक बताया।

प्रधानाचार्य आलोक बिजल्वान ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, मेहनत और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने खेल प्रतियोगिताओं में जिस तरह का प्रदर्शन किया है, वह पूरे विद्यालय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने जिला स्तर के लिए चयनित खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास करने और पूरी मेहनत के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य ने कहा कि विद्यालय की ओर से खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग और प्रोत्साहन दिया जाएगा।
सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और जिला स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। शिक्षकों ने कहा कि विद्यार्थियों की इस सफलता से विद्यालय के अन्य बच्चों को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। खेल प्रशिक्षक रियासत खान रियाज ने कहा कि विद्यालय में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास कराया जा रहा है, ताकि वे जिला स्तर के साथ-साथ आगे की प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

इस अवसर पर जयंत कुमार, दीपक सिंह रावत, मुकेश कुमार, सुरेंद्र मदान सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पदक विजेता खिलाड़ियों और जिला स्तर के लिए चयनित प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।