spot_img
spot_img
spot_img

मोबाइल चुराकर खाते से उड़ाए डेढ़ लाख रुपये, चोरी के पैसों से खरीदी मोटरसाइकिल और गहने बरामद, आरोपी गिरफ्तार

सहसपुर (डॉ. बिलाल अंसारी)-
सहसपुर में एक महिला का मोबाइल फोन चोरी कर उसके बैंक खाते से करीब डेढ़ लाख रुपये निकालने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किया गया मोबाइल फोन, 40 हजार रुपये नकद, गहने और एक R15 मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, शंकरपुर निवासी अनुराधा ने 15 अक्टूबर 2026 को कोतवाली सहसपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 29 सितंबर को उनका मोबाइल फोन चोरी हो गया था। इसके बाद उनके बैंक खाते से लाखों रुपये निकाल लिए गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। मामले का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम ने सर्विलांस की मदद से जांच की। इसके बाद 17 अक्टूबर को रामपुर पुल, सहसपुर क्षेत्र से शाहरून (22 वर्ष) को चोरी के मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 29 सितंबर को शंकरपुर में महिला के कमरे से मोबाइल चोरी किया था। मोबाइल का पासवर्ड पता करने के बाद उसने उसमें मौजूद फोन-पे ऐप खोला और बैंक खाते में जमा रकम देखी। इसके बाद उसने ऐप के माध्यम से करीब डेढ़ लाख रुपये निकाल लिए। आरोपी ने इन पैसों से मोटरसाइकिल और गहने खरीदे थे। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की रकम से खरीदी गई सामग्री बरामद कर ली। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक वीवो मोबाइल फोन, 40 हजार रुपये नकद, सफेद धातु की तीन जोड़ी पायल, पीली धातु की एक नोजपिन, सफेद धातु की एक अंगूठी और एक R15 मोटरसाइकिल बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाहरून पुत्र दाराखान, निवासी रम्पुरा माफी, थाना भोलीपुरा, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में शंकरपुर, थाना सहसपुर, देहरादून में रह रहा था। उसकी उम्र 22 वर्ष है।

spot_img
spot_img