चकराता (डॉ बिलाल अंसारी)-
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर को कोतवाली चकराता पुलिस ने कैंट इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, नशामुक्त समाज और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने की शपथ दिलाई। साथ ही युवाओं को नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए इससे दूर रहने की अपील की। पुलिस ने विद्यार्थियों को अपने आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करते हुए बताया कि अनजान कॉल, फर्जी लिंक और ओटीपी के माध्यम से ठग लोगों को अपना शिकार बनाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या अपनी निजी जानकारी न दें। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके बाद कोतवाली परिसर में पुलिस कर्मियों ने स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।
वहीं, शाम 5:30 बजे कोतवाली परिसर में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, व्यापार मंडल, टैक्सी स्टैंड यूनियन, होम स्टे संचालकों, स्थानीय लोगों और पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री के संबोधन और राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम के माध्यम से चकराता पुलिस ने युवाओं और आम जनता को राष्ट्रीय एकता बनाए रखने, नशे से दूर रहने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और स्वच्छता अपनाने का संदेश दिया।




