त्यूणी (बिलाल अंसारी) –
त्यूणी थाने के एसएचओ व पुलिस कर्मियों द्वारा नशे में धुत्त होकर सेना के जवान दीपक थापा से मारपीट का मामला गरमा गया है। चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने उक्त मामले में शासन व प्रशासन द्वारा उचित धाराओं में कानूनी कार्यवाई नहीं किये जाने पर आज विरोध प्रकट किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की तानाशाह कार्यशैली और गुंडागर्दी कतई स्वीकार्य नहीं है। देश की सीमाओं की रक्षा के लिये तत्पर सेना के जवान दीपक थापा के साथ नशे में धुत्त हो कर अमानवीय व बर्बरतापूर्वक तरीके से मारपीट करने वाले त्यूणी थाने के पुलिस कर्मियों के खिलाफ शासन व प्रशासन द्वारा उचित धाराओं में कानूनी कार्यवाई नहीं किये जाने पर आज विरोध प्रकट करने के लिये चकराता विधायक प्रीतम सिंह के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने त्यूणी थाने का घेराव किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र में पुलिस की इस तरह की तानाशाह व बर्बर कार्यशैली किसी भी कीमत पर स्वीकार नही की जा सकती है। एक सैनिक के सम्मान के लिये जो लड़ाई आज त्यूणी से शुरू की गई है उसे सड़क से लेकर सदन तक और न्यायपालिका में भी लड़ी जायेगी। पुलिस प्रशासन मात्र दो सिपाहियों को निलंबित कर मामले से पल्ला नहीं झाड़ सकता। आज ये मात्र एक सांकेतिक धरना है। सेना के सम्मान के लिये जो लड़ाई आज त्यूणी से शुरू की गई है इसे अंजाम तक भी पहुंचाया जायेगा। हम सैन्य जवानों के सम्मान की लड़ाई को सड़क से सदन तक और न्यायपालिका में भी लड़ने का कार्य करेंगे।
