अभियुक्तों के कब्जे से चोरी किया गया लगभग 40 लाख रू0 मूल्य का माल तथा 03 लाख 90 हजार रू0 नगद बरामद
सेलाकुई (बिलाल अंसारी) –
आज एसएसपी देहरादून की कुशल रणनीति से ऐसे अन्तर्राज्जीय शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है जोकि दिन में बंद मकानों की रैकी कर रात में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया करते थे। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरूद्ध पहले भी आपराधिक घटनाओं के कई मुक़दमे दर्ज हैं।
सेलाकुई क्षेत्रान्तर्गत लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गम्भीरता से लेते हुए पुलिस कप्तान देहरादून द्वारा घटनाओं के खुलासे तथा अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों द्वारा घटना स्थलों तथा उसके आस-पास व आने जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की सहायता से संदिग्धों के सम्बन्ध में आवश्यक जानकारिंया एकत्रित करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। साथ ही पूर्व में इस प्रकार के अभियोगों में प्रकाश में आये अभियुक्तों की वर्तमान स्थति की भी जानकारी ली गई। पुलिस द्वारा किये जा रहे प्रयासों के परिणाम स्वरूप आज पुलिस को चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अभियुक्तों के पुन: किसी घटना को अंजाम देने के इरादे से सेलाकुई क्षेत्र में आने की सूचना मिली। जिस पर पुलिस टीम द्वारा चैकिंग के दौरान एक संदिग्ध ग्लैमर मोटर साइकिल संख्या: UK07 AA 2277 पर सवार दो अभियुक्तों विकास और सुमित कुमार को रोक कर चैक किया तो बाइक सवार अभियुक्तों से आलानकब बरामद हुआ। सख्ती से पूछताछ के दौरान उन्होंने सेलाकुई क्षेत्र में कई बंद घरों में चोरी करना स्वीकार किया। अभियुक्तों की निशानदेही पर उनके शकंरपुर, सहसपुर स्थित किराये के कमरे से अलग-अलग घटनाओं में चोरी किया गया लगभग 40 लाख रू0 मूल्य का माल तथा 03 लाख 90 हजार रू0 नगद बरामद किये गया। घटना में प्रयुक्त ग्लैमर मोटर साइकिल को सीज किया गया। अभियुक्त विकास द्वारा चोरी के सामान को बेचकर कमाए गए 2 लाख 50 हज़ार रुपए को अपने बैंक खाते में जमा किये जाने पर उसके बैंक खाते को फ्रिज कराया गया।

पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे दिहाडी मजदूरी का काम करते हैं, जिससे उनका गुजारा मुश्किल से चल पाता था। इस कारण वे दिन में काम की तलाश के बहाने बंद घरों की रैकी करते थे। वर्तमान में गर्मी की छुट्टियों के कारण कई परिवार अपने घरों में ताला लगाकर बाहर घूमने गये हुए हैं। इसका फायदा उठाकर वे दिन में ऐसे मकानों को चिन्हित करते थे तथा रात्रि में अंधेरे तथा भवन स्वामियों के वहां न होने का फायदा उठाते हुए चोरी करके वहां से फरार हो जाते थे। अभियुक्त शंकरपुर सहसपुर स्थित एक किराये के मकान में रह रहे थे तथा चोरी की घटना मे मिलने वाला सामान भी अभियुक्तों द्वारा उसी किराये के कमरे में छिपाया गया था। जिसमें से अभियुक्त थोडा-थोडा सामान बेचकर अपना खर्चा चला रहे थे। अभियुक्तों ने सेलाकुई क्षेत्रान्तर्गत चोरी की पांच अलग-अलग स्थानों पर चोरी करना स्वीकार किया। आज भी दोनो अभियुक्त पुन: किसी चोरी की घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से आये थे तथा पुलिस टीम द्वारा उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। दोनो गिरफ्तार अभियुक्त पूर्व में भी आपराधिक घटनाओं में कई बार जेल जा चुके हैं तथा चोरी की घटनाओं में अभियुक्तों का एक अन्य साथी का भी शामिल है। जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।
लगातार हो रही चोरियों का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन हेतु एसएसपी देहरादून द्वारा पुलिस टीम को 2500 रुपये के नगद पुरुस्कार से नवाज़ा गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त विकास पुत्र नाथी राम नि0 झीवरहेडी जयन्तीपुर थाना बिहारी गढ सहारनपुर उम्र 21 वर्ष तथा सुमित कुमार पुत्र स्व0 धर्म सिह नि0 ग्राम हुसैन मलिकपुर थाना बेहट जिला सहारनपुर उम्र 27 वर्ष हैं।
सेलाकुई क्षेत्र वासियों ने चोरों को गिरफ्तार करने वाले पुलिस कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि लगातार हो रही चोरियों से लोग भयभीत थे, जिससे अब निजात मिल जाएगी।
