उत्तरकाशी : उत्तराखंड के उत्तरकाशी में एक बार फिर भूकंप आने के कारण पहाड़ की धरती डोलने लगी। हालांकि भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण किसी भी प्रकार की जान माल की क्षति नहीं हुई। उत्तरकाशी जिले के आपातकालीन परिचालन केन्द्र के प्रभारी डी.एस. पटवाल ने बताया कि भूकम्प का पहला झटका सुबह 08:30 बजे आया। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 2.8 मापी गई। करीब एक घंटे बाद सुबह 09:32 बजे भूकम्प का दूसरा झटका महसूस किया गया। जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 2.7 रही।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में ब्रहस्पतिवार को सुबह दो बार भूकम्प के झटके महसूस किए गए। हालांकि कहीं से किसी प्रकार की अप्रिय घटना की रिपोर्ट नहीं मिली है। भूकंप का केंद्र हुण्ड तहसील के कनवा में 30.78 उत्तरी अक्षांश और 78.40 पूर्वी देशांतर पर जमीन की सतह से पांच किलोमीटर की गहराई में रहा।
उत्तरकाशी जनपद आपातकालीन परिचालन केन्द्र के प्रभारी डी.एस. पटवाल ने बताया कि दो बार भूकंप के झटके महसूस होने पर जनपद आपातकालीन परिचालन केन्द्र द्वारा तत्काल दूरभाष एवं व्हाट्सएप और वायरलैस के जरिए सभी तहसीलों, पुलिस थाना, चौकियों और राजस्व उपनिरीक्षको को अलर्ट किया गया है।
