spot_img
spot_img
spot_img

सुन्दरवन में झुग्गी झोपडियों में जान- बूझकर लगाई गयी थी आग, अज्ञात कार सवार पर मुकदमा दर्ज

सेलाकुई (डॉ बिलाल अंसारी) : तीन दिन पहले भाऊवाला के सुंदरवन में झुग्गी झोपड़ियों में लगी आग ने तबाही मचा दी थी। लोग इसे दुर्घटना मान रहे थे, लेकिन सेलाकुई थानाध्यक्ष के अनुसार जांच में सोची समझी साजिश के तहत आग लगाई गयी थी।
सेलाकुई थानाध्यक्ष शैंकी कुमार ने बताया कि दो वर्ष के अंदर दो बार एक ही स्थान पर झुग्गी झोपडियों में आग लगने की घटना संदिग्ध प्रतीत होने पर एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने विस्तृत जांच केआदेश दिये थे । पुलिस की प्रारम्भिक जांच में खुलासा हुआ कि सुन्दरवन में झुग्गी झोपडियों में आग जान- बूझकर लगाई गयी थी । जांच के दौरान घटनास्थल से कार सवार एक व्यक्ति की झोपडी में आग लगाने की पुलिस को सीसीटीवी फुटेज प्राप्त हुई थी । कार के घटना स्थल से निकलते ही उसके पास स्थित झोपडी ने आग पकड़ ली थी। जिसने आस- पास की झुग्गी झोपड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया था। आगजनी की उक्त घटना में अज्ञात अभियुक्त के विरूद्ध थाना सेलाकुई में मुकदमा दर्ज किया गया है। जमीनी विवाद या अनाधिकृत कब्ज़े को खाली कराने की साजिश से भी इंकार नहीं किया जा सकता।
बीती 5 मई को सेलाकुई क्षेत्रान्तर्गत भाऊवाला सुन्दरवन के पास झुग्गी झोपडियों में आग लगने की घटना घटित हुई थी , जिसमें आग की चपेट में आने से लगभग 50 से 55 झुग्गी झोपडियां पूर्णत: जलकर राख हो गयी थी। उक्त झुग्गी झोपडियां सुन्दरवन क्षेत्र में एक प्राईवेट प्लाट पर बनी हुई थीं, जहां 02 वर्ष पूर्व वर्ष 2022 में भी इसी प्रकार आग लगने की घटना घटित हुई थी। जिसमें भी लगभग 40 से 45 झुग्गी झोपडियां जल गई थी। 02 वर्ष के अन्तराल में एक ही स्थान पर घटित उक्त दोनो घटनाओं पर संदिग्धता प्रतीत होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा आग लगने के कारणों से जुडे सभी सम्भावित पहलुओं पर विस्तृत जांच के आदेश दिये गये। जिस पर पुलिस द्वारा घटना स्थल व आस-पास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों को चैक करने पर पुलिस टीम को आग लगने की घटना से पूर्व झुग्गी झोपडियों के आस-पास एक संदिग्ध कार घूमती हुई दिखाई दी, जो थोडे-थोडे अन्तराल पर दो से तीन बार घटना स्थल के आस-पास आकर रूकी थी। इस दौरान कार की अगली सीट पर बैठे व्यक्ति द्वारा कार से उतरकर पास की झोपडी के एक किनारे पर आग लगाये जाने की फुटेज पुलिस को प्राप्त हुई तथा उक्त कार के घटना स्थल से निकलते ही कार के पास बनी एक झोपडी ने अचानक आग पकड़ ली। जिसने आस-पास की अन्य झोपडियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। उक्त घटना में जमीनी विवाद या अनाधिकृत कब्जा को खाली कराने की साजिश हो सकती है। प्राप्त सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एसएसपी देहरादून द्वारा तत्काल संदिग्ध अभियुक्तों के विरूद्ध अभियोग पंजीकृत करने के निर्देश दिये गये, जिस पर पुलिस द्वारा थाना सेलाकुई पर अज्ञात अभियुक्तों के विरूद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया है।

spot_img
spot_img