सेलाकुई में थप्पड़ का बदला बना क़त्ल की वजह, वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद, पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को किया गिरफ्तार

सेलाकुई (डॉ बिलाल अंसारी)-
सेलाकुई थाना क्षेत्र के जमनपुर में हुई युवक की हत्या का सेलाकुई पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी और मृतक एक-दूसरे के परिचित थे और दोनों सेलाकुई के जमनपुर क्षेत्र में एक ही बिल्डिंग में किराये पर रहते थे। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी की बेटी के जन्मदिन की पार्टी में मृतक को नहीं बुलाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। विवाद के दौरान मृतक द्वारा थप्पड़ मारने से आरोपी गुस्से में आ गया और उसने चाकू से उसके सीने पर वार कर दिया।

सेलाकुई पुलिस के मुताबिक 21 सितंबर की देर रात कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना सेलाकुई को सूचना मिली थी कि जमनपुर क्षेत्र में दो लोगों के बीच विवाद के दौरान एक व्यक्ति को चाकू मार दिया गया है। सूचना मिलते ही सेलाकुई पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को 108 एंबुलेंस से सुभारती अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान राजपाल (उम्र 25 वर्ष ) पुत्र तेजराम, निवासी ग्राम फोटे कुआं, थाना बरखेड़ा, जिला पीलीभीत, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। वह वर्तमान में मनोज की बिल्डिंग, जमनपुर सेलाकुई में किराये पर रह रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया कि 21 सितंबर को आरोपी जितेंद्र कुमार की बेटी का पहला जन्मदिन था। इस मौके पर उसने घर में पार्टी रखी थी। मृतक राजपाल को पार्टी में नहीं बुलाया गया था। पुलिस के अनुसार करीब 10-15 दिन पहले शराब के नशे में खाने-पीने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद से उनके बीच मनमुटाव चल रहा था। पुलिस के मुताबिक जन्मदिन की पार्टी के दौरान बिल्डिंग के बाहर रास्ते में दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और हाथापाई हो गई। इसी दौरान राजपाल ने जितेंद्र को थप्पड़ मार दिया। इससे गुस्साए जितेंद्र ने चाकू से राजपाल के सीने पर वार कर दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के संबंध में मृतक के परिजनों की तहरीर पर थाना सेलाकुई में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार 22 सितंबर को जितेंद्र कुमार (उम्र 25 वर्ष ) पुत्र दयाराम, निवासी ग्राम मीरपुर, हेमूपुर, तहसील बीसलपुर, थाना बिलसंडा, जिला पीलीभीत, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी जमनपुर सेलाकुई, को मेंटल हॉस्पिटल रोड से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 21 सितंबर को उसकी बेटी का पहला जन्मदिन था और उसने घर पर पार्टी रखी थी। पुराने विवाद के कारण उसने राजपाल को पार्टी में नहीं बुलाया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई। आरोपी के अनुसार राजपाल द्वारा थप्पड़ मारने के बाद वह गुस्से में आ गया और उसने चाकू से राजपाल पर वार कर दिया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शैंकी कुमार, थानाध्यक्ष सेलाकुई, उपनिरीक्षक मनोज नौटियाल, थानाध्यक्ष सहसपुर, उपनिरीक्षक सुमेर सिंह, हेड कांस्टेबल नीरज शुक्ला, कांस्टेबल संजीत और कांस्टेबल सुधीर शामिल रहे।