spot_img
spot_img
spot_img

सेलाकुई में पुलिस का सत्यापन अभियान, 41 मकान मालिकों पर चार लाख रूपये से अधिक का जुर्माना

किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराने पर कार्रवाई, शिवनगर बस्ती और जमनपुर में चला अभियान

सेलाकुई (डॉ बिलाल अंसारी ) थाना सेलाकुई पुलिस ने बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों के सत्यापन के लिए अभियान चलाया। रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस ने शिवनगर बस्ती और जमनपुर में रहने वाले बाहरी छात्रों, व्यक्तियों और किरायेदारों का सत्यापन किया। इस दौरान नियमों का पालन नहीं करने वाले 41 मकान मालिकों के चालान किए गए और कुल 4 लाख 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

पुलिस के अनुसार, एसएसपी देहरादून के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण-द्वितीय और क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सेलाकुई ने पुलिस टीमों का गठन कर क्षेत्र में सत्यापन अभियान चलाया।अभियान के दौरान पुलिस ने किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों की जानकारी जुटाई तथा उनके दस्तावेजों का सत्यापन किया। इस दौरान जिन मकान मालिकों ने अपने किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराया था या जिनके यहां अनियमितताएं पाई गईं, उनके खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस ने कुल 41 मकान मालिकों के चालान कर चार लाख दस हज़ार रुपये का जुर्माना अध्यारोपित किया है। चालान की रिपोर्ट आगे की कार्रवाई के लिए माननीय न्यायालय को भेजी जाएगी। सेलाकुई पुलिस ने मकान मालिकों से अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले सभी किरायेदारों का समय पर पुलिस सत्यापन जरूर कराएं। ऐसा नहीं करने पर संबंधित मकान मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और बाहरी व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा।

spot_img
spot_img