जामनखाता रोड पर चेकिंग के दौरान पकड़ा गया आरोपी, बाइक भी बरामद

सहसपुर (डॉ बिलाल अंसारी)
उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सहसपुर पुलिस ने चरस तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 279 ग्राम चरस और एक बाइक बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री के ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन को सफल बनाने के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सहसपुर पुलिस ने थाना स्तर पर टीम गठित कर नशे की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए चेकिंग अभियान चलाया। सहसपुर पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 की दोपहर जामनखाता रोड पर जौहड़ के पास चेकिंग के दौरान एक युवक को चरस की तस्करी के आरोप में पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 279 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके से एक राइडर बाइक भी कब्जे में ली।
गिरफ्तार युवक की पहचान संदीप भारती (उम्र 23 वर्ष), पुत्र सैंदरू, निवासी ग्राम डूंगरी, थाना त्यूनी, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली सहसपुर में मुकदमा संख्या 254/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 में मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवीण पुंडीर, उपनिरीक्षक जावेद हसन, हेड कांस्टेबल त्रेपन सिंह और कांस्टेबल ब्रजपाल शामिल रहे। सहसपुर पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशे की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।




