प्रेमनगर : प्रेमनगर इलाके में दोपहर लगभग 1:30 बजे धमाके की तीव्र आवाज़ से इलाका गूंज उठा। जिससे लोगों में दहशत का माहौल पैदा हो गया। विस्फोट की आवाज सहसपुर क्षेत्र तक सुनाई दी।
कंट्रोल रूम को अलग-अलग नम्बरों से एफआरआई तथा प्रेमनगर थाना क्षेत्र में विस्फोट की आवाज सुनाई देने की सूचना प्राप्त हुई। उक्त सूचना को वेरीफाई करने के लिये तत्काल अलग-अलग टीमें गठित कर मौके पर रवाना की गई। लेकिन उक्त स्थानों पर किसी जमीनी ब्लास्ट या ऐसी कोई घटना होने की पुष्टि नहीं हो पाई है।
मामले की गम्भीरता को देखते हुए एसएसपी अजय सिंह देहरादून स्वयं क्षेत्र में डटे हुए है। सूचना देने वाले काॅलरों से बात करने पर उनके द्वारा हवा में ब्लास्ट होने से सम्बन्धित सूचना दी जा रही है। पुलिस टीमें निरंतर सूचना की पुष्टि के लिये प्रयासरत हैं। आम जनमानस से अनुरोध है कि ऐसी किसी सूचना पर घबरायें न, पुलिस द्वारा अन्य सम्बन्धित ऐजेन्सीज से सम्पर्क कर सूचना की प्रमाणिकता की जांच की जा रही है।
सूत्रों द्वारा मिली जानकारी के अनुसार विस्फोट भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के एक लड़ाकू जेट की गतिविधि के कारण हुआ।
देश के सामरिक महत्व के कारण ज्यादा जानकारी उपलब्ध नहीं कराई जा सकती। इसलिए देहरादून पुलिस ने स्थानीय जनता से अनुरोध है कि संयम बनाए रखें और भयभीत न हो। इसके अलावा किसी को भी कोई समस्या हो तो वह कंट्रोल रूम में जानकारी दे सकते हैं।
