सहसपुर में नशे के सौदागर पर पुलिस की कड़ी चोट, स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

सहसपुर (डॉ बिलाल अंसारी)-
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत सहसपुर पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5.92 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, एसएसपी देहरादून के निर्देश पर नशे की तस्करी और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 29 सितंबर 2026 को पुलिस टीम जामन खाता रोड पर नदी की ओर स्थित आम के बगीचे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने सूरज चौहान (उम्र 30 वर्ष), निवासी बालूवाला, सहसपुर को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 5.92 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर सहसपुर थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अब आरोपी से बरामद स्मैक के स्रोत और उससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जांच कर रही है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नीरज त्यागी, कांस्टेबल विकास त्यागी और कांस्टेबल मुन्ना कुमार शामिल रहे।