सेलाकुई पुलिस ने झाड़ियों से बरामद की चोरी की एक्टिवा, वाहन चोर गिरफ्तार

सेलाकुई (डॉ बिलाल अंसारी)-

थाना सेलाकुई पुलिस ने वाहन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई एक्टिवा स्कूटी भी बरामद कर ली है। यह कार्रवाई पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर 2026 को एक व्यक्ति ने थाना सेलाकुई में शिकायत दर्ज कराई थी कि सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र में कृष कंपनी के पास खड़ी उसकी स्कूटी एक्टिवा सं0- HP17E-2855 रंग सफेद को अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। घटना के खुलासे के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देशन में तथा पुलिस अधीक्षक देहात और क्षेत्राधिकारी सहसपुर की निगरानी में थाना सेलाकुई पुलिस की टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्र में चोर की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मिलन चौक से नदी की ओर जाने वाले रास्ते पर झाड़ियों में दबिश दी। पुलिस ने मौके से सुनील सिंह कुंवर (उम्र 22 वर्ष) को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर झाड़ियों के अंदर से चोरी की गई एक्टिवा स्कूटी भी बरामद कर ली गई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील सिंह कुंवर पुत्र हरिसिंह कुंवर, निवासी ग्राम लंगसी, थाना जोशीमठ, जिला चमोली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की उम्मीद जताई जा रही है।