सेलाकुई पुलिस का सत्यापन अभियान जारी, एक लाख रुपये से अधिक का जुर्माना, ग्यारह मकान मालिकों के चालान

सेलाकुई (बिलाल अंसारी)-
एसएसपी देहरादून के निर्देशानुसार थाना सेलाकुई पुलिस द्वारा क्षेत्र में बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों, घरेलू नौकरों तथा संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन को लेकर सघन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने शिवनगर, बायांखाला, थापा गली, जमनपुर में निवासरत बाहरी छात्रों का घर-घर जाकर सत्यापन किया तथा बिना सत्यापन के किरायेदार रखने वाले मकान मालिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की।

सत्यापन अभियान के दौरान 11 मकान मालिकों के चालान किए गए तथा पुलिस अधिनियम के अन्तर्गत एक लाख रुपये से अधिक का जुर्माना किया गया। पुलिस ने मकान मालिकों को निर्देश दिए कि वे अपने यहां रहने वाले सभी किरायेदारों, घरेलू सहायकों एवं अन्य बाहरी व्यक्तियों का समय पर पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं।

थाना सेलाकुई पुलिस ने स्पष्ट किया कि सत्यापन अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि यदि उनके यहां कोई नया किरायेदार, मजदूर, घरेलू सहायक अथवा अन्य बाहरी व्यक्ति रह रहा है तो उसका पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।