सहसपुर (डॉ बिलाल अंसारी)-
कोतवाली सहसपुर पुलिस ने भारत सरकार के संचार सारथी (CEIR) पोर्टल की सहायता से उत्कृष्ट कार्य करते हुए गुम हुए 15 मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत ₹3,40,000 बताई गई है।
एसएसपी देहरादून के निर्देशानुसार जनपद में गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली सहसपुर पुलिस द्वारा मोबाइल गुम होने की शिकायत मिलते ही संबंधित मोबाइल का विवरण तत्काल CEIR पोर्टल पर अपलोड कर ट्रेसिंग की प्रक्रिया शुरू की जाती है। लगातार तकनीकी प्रयासों और पुलिस टीम की सक्रिय कार्यवाही के परिणामस्वरूप विभिन्न कंपनियों के 15 मोबाइल फोन सफलतापूर्वक ट्रेस कर बरामद किए गए। शुक्रवार को कोतवाली परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए गए।

अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। मोबाइल स्वामियों एवं उनके परिजनों ने उत्तराखंड पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की तत्परता, पारदर्शी कार्यशैली और तकनीकी दक्षता की सराहना की।
सहसपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम हो जाए तो वह तत्काल नजदीकी थाना या CEIR पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं, जिससे मोबाइल की शीघ्र ट्रेसिंग एवं बरामदगी सुनिश्चित की जा सके।

