सेलाकुई (बिलाल अंसारी)
देहरादून जिले के सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र व रामपुर के बीच स्वारना नदी के पुल पर बने गड्ढे यात्रियों के लिए मुसीबत का कारण बनते जा रहे हैं। इन गढ्ढो में गिरकर दुपहिया सवार चोटिल हो रहे हैं। गढ्ढो में बरसात का पानी इकट्ठा हो जाने से अक्सर यातायात प्रभावित रहता है।
आज सुबह सेलाकुई में ड्यूटी पर जा रहे कर्मचारियों को उस समय परेशानियों का सामना करना पड़ा, जब पुल के दोनों और कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जिससे अधिकतर कर्मचारी समय पर ड्यूटी नहीं पहुंच सके।

सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण भारी वाहनों का आवागमन 24 घंटे लगा रहता है। इसके अलावा रोजाना हजारों की संख्या में हल्के व भारी वाहन भी उक्त पुल से गुजरते हैं। सेलाकुई में कई जगह हाईवे पर गड्ढे बने हुए हैं, जो दुर्घटनाओं का कारण बनते रहते हैं। सड़कों पर बने इन जख्मों को नासूर कहा जाए तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। लोक निर्माण विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। जिससे स्थानीय निवासियों में रोष बना हुआ है। बड़ा सवाल यह है कि संबंधित विभाग कब तक सड़क पर बने गढ्ढो से निजात दिलाता है ? या फिर किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार करता है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इन गड्ढों को जल्द से जल्द भरने के लिए कदम उठाएं। गढ्ढा युक्त सड़कों की हालत सुधारी जाए ताकि जाम के झाम से निजात मिले और इससे होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।