उत्तराखंड में निहंगों के प्रवेश की आशंका के मद्देनज़र उत्तराखंड-हिमाचल सीमा पर हाई अलर्ट, आईटीबीपी के साथ एसपी देहात पंकज गैरोला सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर

विकासनगर (बिलाल अंसारी)-
निहंग सिखों के उत्तराखंड में संभावित प्रवेश की आशंका को देखते हुए उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश की सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी है। उत्तराखंड पुलिस के साथ-साथ भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवान भी सीमा क्षेत्रों में पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं। उत्तराखंड और हिमाचल को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण डाकपत्थर बैराज पुल पर भी अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गई है।

कर्णप्रयाग और रुद्रप्रयाग में हुई घटनाओं के बाद प्रशासन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है। सीमाओं पर आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इसके आलावा सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से अलर्ट मोड़ पर हैं और सीमावर्ती इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। कुल्हाल पुलिस चौकी पर भी पुलिस बल के साथ आईटीबीपी के जवान किसी भी स्थति से निपटने के लिए तैयार हैं।

प्रशासन का कहना है कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति या समूह को शांति व्यवस्था भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सुरक्षा एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं और सीमावर्ती क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है।
फिलहाल उत्तराखंड-हिमाचल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।